दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में लगे युवाओं को किया सम्मानित

नई दिल्ली, 30 जनवरी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रभावित होकर सामाजिक संस्था कारवाँ के युवा कार्यकर्ता, राजधानी दिल्ली में घनी आबादी के आस पास गंदगी भरे स्थानों को स्वच्छ बनाने के लिए अभियान चला रहे हैं। संस्था के युवाओं ने सिग्नेचर ब्रिज सहित ऐसे स्थानों का चुनाव कर स्वच्छता अभियान चलाया जहाँ आम नागरिकों की आबादी घनी है और जहां बड़ी संख्या में ऐसे लोगों का निरंतर एकत्र होते हैं और गंदगी से बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने संस्था से जुड़े लगभग दो दर्जन कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को अपने निवास पर बुलाया और उन्हें सम्मानित किया स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए सराहनीय योगदान के लिए संस्था के कार्यकर्ताओं को उपहार भी भेंट किए और तन-मन-धन से सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
श्री मनोज तिवारी ने कहा कि वो संस्था के युवाओं के साथ स्वयं श्रमदान करेंगे और स्वच्छ दिल्ली के अभियान को जन-जन का अभियान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली के युवा यह संकल्प लें कि हम स्वच्छ भारत मिशन को अपना मिशन बनाकर दिल्ली को स्वच्छ बनाएंगे तो दिल्ली में गंदगी के साथ साथ बीमारियों का अंत निश्चित है।
टीम कारवाँ के सदस्य श्री कुंदन कांसकर ने बताया कि वह और उनके साथी सदस्य स्वच्छता अभियान के साथ-साथ आम नागरिकों को स्वच्छता के लिए जागरूक करने का अभियान भी चला रहे हैं जिससे लोग स्वयं प्रेरित होकर अपने घरों के आस पास स्वच्छता के लिए जागरूक हो। उन्होंने कहा कि श्री मनोज तिवारी से मिलने के बाद उनके इस अभियान के लिए सभी सदस्यों का मनोबल बढ़ा है।
इस अवसर पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थाई समिति की अध्यक्षा श्रीमती वीना विरमानी, मीडिया विभाग के प्रभारी श्री प्रत्यूष कंठ, सह-प्रभारी श्री नीलकांत बख्शी, मीडिया प्रमुख श्री अशोक गोयल देवराहा, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में पूर्व स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री शैलेन्द्र मोंटी सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे हैं।

Facebook Comments