रात्रि विश्राम के लिए लगाए गए सेवा शिविरों में जाकर मनोज तिवारी ने दी आस्था के महापर्व छठ की बधाई

नई दिल्ली, 14 नवम्बर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री मनोज तिवारी ने यमुनापार के कई छठ सेवा शिविरों में जाकर हजारों छठ व्रतधारी श्रद्धालुओं को आस्था के महापर्व छठ की बधाई दी। श्री मनोज तिवारी सोनिया विहार वजीराबाद, मयूर बिहार क्षेत्र के कई शिविरों में गए। उनके साथ प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन, पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री मनीष सिह, मीडिया विभाग के सह-प्रभारी श्री नीलकांत बख्शी, सह-प्रमुख श्री आनंद त्रिवेदी, जोन चेयरमैन श्री प्रमोद गुप्ता, मौजूद रहे। उन्होंने रात्रि विश्राम करने वाले श्रद्धालुओं को संबोधित किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य का जन्म माँ अदिति की कोख से हुआ और जन्म के बाद उन्हें माँ के साथ एक कमरे में रखा गया। लेकिन जन्म के छःदिन बाद ही भगवान सूर्य के शौर्य का तेज इतना असहनीय हो गया कि उन्हें कमरे से निकालना पड़ा जिसके बाद उनके प्रकाश और तेज से संसार को न सिर्फ जीवन मिला बल्कि वो सम्पूर्ण सृष्टि में शक्ति का पर्याय बन गए।

श्री मनोज तिवारी ने कहा कि है सुख, समृद्धि शक्ति की उपासना के रूप में ही हम आज भी छठ पर्व मनाते हैं ये कोई पुत्र की प्राप्ति के लिए तो कोई अपने जीवन में समृद्धि के लिए भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर कामना करता है। उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य को अपना आराध्य मानकर हम अपने जीवन में व्यक्तित्व का विकास करें और समाज कल्याण के लिए उसका सदुपयोग करें तो संसार की कोई असफलता का बंधन हमें बाँध कर नहीं रख सकती और सफलता के हर आयाम को प्राप्त कर हम संसार के सामने एक आदर्श प्रस्तुत कर सकते हैं।

Facebook Comments