ओखला से आम आदमी पार्टी के धीर सिंह बिधूड़ी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल

नई दिल्ली, 3 फरवरी। नमो अगेन, मोदी अगेन, पीएम अगेन 2019 विजय संकल्प के  जयघोष के साथ दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय पर पत्रकार सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं पूर्वी दिल्ली के सांसद श्री महेश गिरी की उपस्थिति में ओखला के लोकप्रिय नेता श्री धीर सिंह बिधूड़ी, सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा मे शामिल हुए। इस पत्रकार सम्मेलन में मीडिया सह प्रभारी श्री नीलकान्त बख्शी, मीडिया प्रमुख श्री अशोक गोयल देवराहा, प्रदेश बूथ प्रबंधक संयोजक श्री धर्मवीर सिंह, दक्षिणी दिल्ली जिला अध्यक्ष श्री रोहतास कुमार एवं मयूर विहार जिला महामंत्री श्री विजेन्द्र धामा उपस्थित थे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मंत्री व पूर्वी दिल्ली के सांसद श्री महेश गिरी ने कहा कि देश में सकारात्मक राजनीति की नींव रखने वाले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज हम अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। देश ही नहीं विदेश में भी जो सब के लोकप्रिय हैं और जिन्होंने अपनी कार्य क्षमता से यह सिद्ध कर दिया है कि देश सेवा ही सर्वोच्च सेवा है। ऐसे हमारे प्रधानमंत्री के कार्यों को समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहा जा रहा है और विश्वास व्यक्त किया जा रहा है।
श्री महेश गिरी ने कहा कि आज दिल्ली भाजपा में ओखला के लोकप्रिय नेता श्री धीर सिंह बिधूड़ी अपने सभी कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं। हम उनका हृदय से पार्टी में स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि धीर सिंह व उनके सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को पुनः 2019 में प्रधानमंत्री बनाने व उनकी जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक ले जाने का कार्य करेंगे।
श्री धीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है अन्य सभी पार्टियों में परिवारवाद वंशवाद की जड़ व्याप्त है, लेकिन केवल भाजपा ही कार्यकर्ताओं की पार्टी है। 2013 में मैं ओखला विधानसभा से भाजपा का प्रत्याशी रहा और वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लिए कार्य किया। एक तरफ आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से चुनाव में वायदे तो किए लेकिन एक भी वायदा पूरा करने का कार्य नहीं किया। आम आदमी पार्टी केवल झूठ का दुष्प्रचार कर एक व्यक्ति के कहने पर कार्य करती है, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ओखला  विधानसभा में जनता के हितों के लिए कई कार्य सांसद श्री महेश गिरी ने करवाये।
श्री बिधूड़ी ने बताया कि ओखला विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए मोदी सरकार ने 200 करोड़ रूपये दिये, जिससे दो स्कूल 31 करोड़ की लागत से बने। इसमें एक स्कूल 80 कमरे का और दूसरा 50 कमरे का खोला गया। क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 88 करोड़ रूपये की लागत से 100 बेड का अस्पताल बनवाया गया। एक ओर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक कर देश का मान बढ़ाया है, वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने देश के शौर्य, सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठा कर देश की सेना का मनोबल गिराने का कार्य किया। ऐसी झूठी पार्टी से देश के विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती है। देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 2019 में पुनः प्रधानमंत्री देखना चाहता है और इसके लिए हम तन-मन-धन से कार्य करने का संकल्प लेकर क्षेत्र में जाएंगे।

Facebook Comments