दिल्ली के युवा दिल्ली की सभी 7 सीटों पर भाजपा को विजयी बनाए-शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली, 20 जनवरी। दिल्ली का ऐतिहासिक रामलीला मैदान बना युवा विजय संकल्प महारैली-2019 का गवाह जहां दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी की अध्यक्षता में एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री सुनील यादव के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने नमो अगेन-2019 के शंखनाद स्वर में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को देश का पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए व दिल्ली की सातों लोकसभा सीट पर विजय पताका लहराने हेतु लिया विजय संकल्प। महारैली को मध्य प्रदेश के लगातार तीन बार मुख्यमंत्री रहे, युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराज सिंह चैहान और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने सम्बोधित किया। इस महारैली में राष्ट्रीय महामंत्री डॉ अनिल जैन, केन्द्रीय मंत्री श्री विजय गोयल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली भाजपा प्रभारी श्री श्याम जाजू, सह-प्रभारी श्री तरूण चुघ, दिल्ली लोकसभा सह-प्रभारी श्री जयभान सिंह पवैया, मिजोरम प्रभारी श्री पवन शर्मा, सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी, सांसद श्री प्रवेश वर्मा, सांसद श्री महेश गिरी, सांसद डॉ. उदित राज, प्रदेश महामंत्री श्री रविन्द्र गुप्ता, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता, राष्ट्रीय युवा मोर्चा महामंत्री श्री सौरभ चैधरी, कार्यक्रम संयोजक एवं दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष श्री अभय वर्मा, श्री जय प्रकाश, श्री राजीव बब्बर, डॉ. मोनिका पंत, दिल्ली युवा मोर्चा प्रभारी श्री मनोज त्यागी, भाजपा नेता एवं भाजपा युवा मोर्चा के युवा नेता व कार्यकर्ता शामिल हुये। भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास के मन्त्र को लेकर आगे बढ़ रही है जिसके बहुत ही सकारात्मक परिणाम हर वर्ग के जीवन में देखने को मिले हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि मध्य प्रदेश के चुनाव में कुछ अजीब ही हुआ जहां मध्य प्रदेश में भाजपा का वोट शेयर ज्यादा रहा। वहीं कांग्रेस की कुछ सीटें ज्यादा आईं और फिर एक मजबूर सरकार बना ली गई। सरकार हम भी बना सकते थे परंतु हमने फैसला किया कि शानदार बहुमत से सरकार बनायेंगे, ऐसी मजबूर सरकार हम नहीं बनायेंगे। कल 22 राजनीतिक दल जो कभी भी एक साथ नहीं आयें वे मोदी जी की बढ़ती लोक प्रियता से घबरा कर, अब एकत्र हो रहें हैं।
श्री शिवराज ने कहा की भाजपा का तो सेनापति का सबको पता है, परन्तु विपक्ष का सेनापति कौन होगा आज यह प्रश्न खड़ा होता है, ये 22 दल भारत के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेंगे और देश को बर्बादी की और ले जायेंगे। मोदी जी की सारी योजनायें भारत को आगे बढ़ाने का एक कदम है और मोदी जी के नेतृत्व में देश आज सुरक्षित है। आज भारत सर्जिकल स्ट्राइक कर जवाब देता है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी देश का मान सम्मान बढ़ा है और हम सबको आज मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेकर अपने-अपने बूथ पर जाना चाहिए। युवाओं को सम्बोधित करते हुए उन्होनें युवाओं को वचन दिया कि भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव में वह मध्य प्रदेश में 27 सीटों से ज्यादा जीतायेंगे और युवाओं से वचन लिया कि वह दिल्ली की सातों सीटों पर भाजपा को विजयी बनाए।
युवाओ का आवहन करते हुये श्री मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में पांचवा सफल कार्यक्रम होने जा रहा है। इन सभी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी में दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा ने अपनी भागीदारी दर्ज करायी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देश व विदेश में लोकप्रिय तो हैं ही लेकिन युवाओं में उनकी लोकप्रियता विशेष है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी युवाओं के सम्पूर्ण विकास के लिए अनेक योजनायें लेकर आये हैं, जैसे मुद्रा लोन योजना, स्टैंडअप योजना, स्किल इंडिया, कौशल विकास योजना जिसके पीछे प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शिता है। इन योजनाओं का मकसद युवाओं को जॉब सीकर की बजाये जॉब क्रियेटर बनाना था। आज आप सभी युवाओं को रामलीला मैदान से यह संकल्प लेना चाहिए कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों के बूथ स्तर पर जाकर आप केन्द्र सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करें ताकि युवा व जन-जन के प्रिय नेता श्री नरेन्द्र मोदी पुनः देश का प्रधानमंत्री बन कर देश की सेवा कर सकें।
श्री तिवारी ने कहा कि गुजरात में सरदार पटेल की स्टेच्यू ऑफ युनिटी ने देश में रोजगार व पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारत को एक नई पहचान दी है। सरदार सरोवर पर बांध बनाकर 2 हजार किलोवाट बिजली पैदा हो रही है जिससे 25 प्रतिशत आस-पास के ग्रामिण क्षेत्रों मंे, जहां पानी आने की कोई आशा नहीं थी, वहां पानी पहुंचाने का कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।
लोकसभा सह-प्रभारी श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि देश एवं संसार में लोकप्रिय होना आसान नहीं होता है। हम सभी बहुत ही भाग्यवान है कि हमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का कुशल नेतृत्व प्राप्त है। आज से 10 वर्ष पूर्व की सरकारों के नेता हमारे वीर जवानों के सिर काटे जाने पर, सरहद पार शांति का संदेश भेजते थे, लेकिन आज हमें गर्व होना चाहिए कि हमें ऐसा प्रधानमंत्री मिला जिसने ऊरी में सर्जिकल स्ट्राईक कर दुश्मनों को उन्हीं की भाषा में ब्याज समेत उचित जवाब दिया। पहली बार विदेश की धरती म्यांमार से आंतकी साजिश का पता लगाकर उसे नकामयाब करने का भी कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किया। डोकलाम में चीन को उल्टे पैर लौटने पर मजबूर कर दिया। दिल्ली में 2014 में हमने सातों लोकसभा की सीटों पर विजय पताका लहरायी लेकिन बीते वर्षों में एक टोपी वाली पार्टी का जन्म हुआ। इसी रामलीला मैदान में ईमानदारी के लिए किये गये आन्दोलन से जन्मी बेईमान आम आदमी पार्टी गैर-राजनैतिक आन्दोलन से उपजी राजनैतिक पार्टी है। मध्य प्रदेश के दतिया में राहुल गांधी का दौरा हुआ था जहां पर पूजा में संकल्प कराने के लिए पुजारी ने उनका गोत्र पूछा जिस पर उनका अपने निजी सहायक की ओर देखा क्योंकि उनको अपना गोत्र नहीं पता था। जो लोग हिन्दू होने का पाखण्ड करते है वे हिन्दू समाज का कल्याण क्या करेगें ? आज देश को केवल प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व ही सही दिशा प्रदान कर सकता है। हम सब युवाओं को आज संकल्प लेना है कि दिल्ली की सातों सीटें जीत कर हम देश की उन्नति में अपना योगदान देंगें।
युवाओं को सम्बोधित करते हुये श्री विजय गोयल ने कहा कि आप ही कल के नेता है, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की योजनाओं को दिल्ली की जनता तक (बूथ स्तर पर) ले जाकर प्रचार प्रसार करना आपका मुख्य उद्देश्य है। आज से साढ़े चार वर्ष पूर्व सत्ता में घोटालों की सरकार थी। भ्रष्टाचार का बोलबाला था। जनता ने प्रधानमंत्री जी को गुजरात मॉडल से प्रेरित होकर देश के विकास करने के लिए वर्ष 2014 में चुना। आज केजरीवाल दिल्ली में केवल झूठ का दुष्प्रचार कर, भ्रष्टाचार में लिप्त झूठ की राजनीति करते हैं। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण करने में दिल्ली सरकार फेल हुई है। दिल्ली में कोई विकास नही हुआ, झुग्गियों में कोई विकास नहीं हुआ, वोट काटने की बात झूठी है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच भाजपा के विरोध में परदे के पीछे डील हो रही है।
युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री सुनील यादव ने कहा कि हम सभी युवा महारैली से आज यह संकल्प लेकर जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार उन्नति कर रहा है और विकास की अविरल धारा के प्रवाह को निरंतर जनहित में बहने के लिए हम सभी दिल्ली की सातों सीटों पर लगातार मेहनत करके भाजपा को विजयी बनायेंगे। हमारे युवा कार्यकर्ता दिल्ली के 280 मंडलों एवं 13,816 बूथों पर घर-घर जाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनायें विशेषकर युवाओं से संबंधित योजनाओं के बारे में अवगत करायेंगे और जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने का अनुरोध करेंगे।
कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अभय वर्मा ने आज की युवा विजय संकल्प रैली में आये सभी युवाओं का आभार प्रकट करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर पर ले जाने का संकल्प लें।

Facebook Comments