लोकसभा चुनाव में विस्तारकों का अहम योगदान रहा है: शिव प्रकाश

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की अध्यक्षता में और भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश की उपस्थिती में आज प्रदेश कार्यालय पर लोकसभा चुनाव 2019 की ऐतिहासिक जीत में विस्तारकों के योगदान पर सम्मान समारोह के साथ संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में दिल्ली की 70 विधानसभाओं में 74 विस्तारकों एवं 7 लोकसभा विस्तारकों के कठिन मेहनत व क्षेत्र में किये गये कामों को लेकर उनका सम्मान करने के साथ-साथ दिल्ली विधानसभा चुनावों की रणनीति को लेकर चर्चा हुई। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री राजेश भाटिया, उपाध्यक्ष अभय वर्मा एवं मंत्री संजीव शर्मा सहित सभी विधानसभा लोकसभा के विस्तारक उपस्थित थे।

राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि लोकसभा चुनाव में विस्तारकों का अहम योगदान रहा है। चुनाव के दौरान क्षेत्र में काम करने से लेकर रणनीति तैयार करने तक इनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। आप सभी पर लोकसभा चुनाव में विजय का श्रेय जाने के साथ-साथ आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आती है। जिसके लिए आपको अपने-अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा और लगन के साथ एक बार फिर से काम करना है। हमारे सामने हर दिन नये झूठ पर आधारित राजनीति करने वाली सरकार है जिसे हमें सकारात्मकता के साथ दिल्ली की सत्ता से हटाना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने विस्तारकों को जो 23 काम बताये उसकी समीक्षा की जाये।
उपस्थित विस्तारकों को विजयी विस्तारक बताते हुये दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि किसी भी चुनाव को जितने के लिए उसके पीछे की रणनीति जितनी कारगर होगी परिणाम उतने बेहतर साबित होगें। दिल्ली के सभी विस्तारकों ने अपनी अपनी भूमिका में पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम किया है जिसके लिए वो बधाई के साथ साथ सम्मान के अधिकारी है। विस्तारकों ने लोकसभा चुनावों में अपने कुशल संगठनात्मक रणनीति का लोहा दिल्ली की सातों सीटों पर भारी बहुमत के साथ भाजपा के उम्मीदवारों को विजयी बना कर मनवाया है।
तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली की सत्ता में नकारात्मक राजनीति कर रही है जिसे दिल्ली की जनता समझ चुकी है। दिल्ली से केजरीवाल सरकार की विदाई तय है। इस समय की परिस्थितियों को भाजपा के पक्ष में लाने के लिए हमें क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजनाओं को दिल्ली में घर-घर तक पहुंचाना है।
प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि दिल्ली में कुल 7 लोकसभा सीट, 70 विधानसभा सीट, 280 मण्डल व 13816 बूथ है। लोकसभा चुनाव की बात करें तो 70 में 65 विधानसभा सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार जीते है, वहीं 280 मण्डलों में हम 260 मण्डलों पर विजयी हुये है। दिल्ली की कुल 13816 बूथों में से 12064 बूथ पर भाजपा की जीत हुई है जिससे विस्तारकों का परिश्रम स्पष्ट होने के साथ साथ यह पता लगता है कि आम आदमी पार्टी की सरकार से जनता त्रस्त है। लोकसभा चुनाव में 7 लोकसभा और 74 विधानसभा विस्तारकों ने क्षेत्र में जो प्रयास किया उसकी सफलता हम लोगों को दिल्ली की सातों सीटों पर विजय के रूप में मिली है। विस्तारकों को संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर काम करना होगा।
प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि विस्तारों ने भी लोकसभा चुनाव में कड़ी मेहनत की है इसलिये आज हम उनका सम्मान कर रहे हैं। संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर तक संगठन को ले जाने में विस्तारकों का महत्वपूर्ण योगदान है।
विस्तारक प्रमुख एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जंयती के साथ विस्तारकों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। दो वर्षों में विस्तारकों की तीन कार्यशालाओं का आयोजन किया गया था जिसमें उन्हें पूर्ण प्रशिक्षण दिया गया था। लोकसभा चुनाव में विस्तारकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

Facebook Comments