सरकार की समीक्षा नहीं, विकास में करें सहयोग: भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज पार्टी मुख्यालय पर आयोजित अपने स्वागत व अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज पार्टी जिन उचाईयों पर खड़ी है वह पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के प्यार व परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पहले जनसंघ और फिर भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद संगठन को मजबूत करने के लिए तमाम कार्यकर्ताओं ने अपना योगदान दिया। उन्होंने उ0प्र0 में पार्टी संगठन को मजबूत करने का श्रेय अपने पूर्ववर्ती प्रदेश अध्यक्ष रहे स्वर्गीय माधव प्रसाद त्रिपाठी, कल्याण सिंह, राजेन्द्र गुप्त, कलराज मिश्र, राजनाथ सिंह, ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार, केशरी नाथ त्रिपाठी, डा0 रमापतिराम त्रिपाठी, डा0 लक्ष्मीकांत बाजपेयी, केशव प्रसाद मौर्य, डा0 महेन्द्र नाथ पाडेण्य को देते हुए कहा कि इन सबके मार्गदर्शन में पार्टी संगठन का लगातार उ0प्र0 में विस्तार हुआ। उन्होंने कहा 2014 लोकसभा चुनाव से पूर्व मा. अमित शाह जी उ0प्र0 में आये तथा उसी समय संगठन के मर्मज्ञ सुनील बंसल जी भी राज्य में आ चुके थे और उनके नेतृत्व में भाजपा ने प्रदेश में अभूतपूर्व सफलता हासिल की थी।
उन्होने कहा कि डा0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक क्रांतिकारी नेता थे। डा0 मुखर्जी के कारण ही आज कश्मीर हमारे पास है। राष्ट्र ऋषि के रूप में पं0 दीनदयाल उपाध्याय ने अन्त्योदय का सपना देखा था। डा0 मुखर्जी तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय का सपना मोदी जी और योगी जी साकार कर रहे है। संगठन में हमारे पूर्वजों ने एक तपस्वी के रूप मंे परिश्रम की पराकाष्ठा पार करते हुए काम किया और चलते-चलते हम आज यहां पहुंचे है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विश्वामित्र न होते तो प्रभुराम भी न होते, चाणक्य न होते तो चन्द्रगुप्त मौर्य न होते तथा संतराम दास न होते तो छत्रपति शिवाजी महाराज न होते इसी प्रकार स्वर्गीय अवेद्यनाथ जी ने एक युवा को गोरक्षपीठ के महन्त के स्थान पर बैठाया वह नौजवान संत पूजा-पाठ के बाद बैठकर हजारों गरीबों की मदद करने में जुट जाते थे। मा0 नरेन्द्र मोदी जी ने तथा मा0 अमित शाह जी ने उनपर विश्वास किया और उन्हें प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। आज योगी आदित्यनाथ जी मुख्यमंत्री के रूप में जनता का कल्याण कर रहे है। कुम्भ में 71 देशों का झण्डा फहराया गया। वह कुम्भ अध्यात्मिक व सांस्कृतिक समागम था, जो पूरे विश्व में लोकप्रिय हुआ। शाही स्नान में हैलीकाप्टर से संतो पर फूलों की वर्षा की गई और कांवड यात्रा में भी कावरियों पर जगह-जगह सरकार द्वारा पुष्प वर्षा की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही रास्ते में मास-मदिरा के दुकानों को प्रतिबंधित करने का काम किया गया। जिसका श्रेय योगी आदित्यनाथ जी को जाता हैै।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन को और अधिक विस्तार देते हुए पार्टी को नई उचाईयों पर ले जाने के लिए मैं आप सबके सहयोग से दिन रात ईमानदारी से काम करूगा। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच समन्वय के साथ मोदी-योगी की सरकार के द्वारा जनहित में किये जा रहे कार्यो का लाभ जनता तक कैसे पहुचे और लोक कल्याण के काम कैसे अधिक से अधिक हो इसके लिए हम सब काम करेंगे। साथ ही पार्टी संगठन को भी मजबूत करेंगे। उन्होंने अपने स्वागत व अभिनंदन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत व अभिनंदन करते हुए कहा कि पार्टी से जमीनी स्तर पर जुडे हुए सामान्य कार्यकर्ता से अपनी सार्वजनिक जीवन की यात्रा प्रारम्भ करने वाले ओजस्वी-तेजस्वी कार्यकर्ता स्वतंत्र देव सिंह का भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में हृदय से स्वागत व अभिनंदन करता हूॅॅ। उन्होंने कहा कि संगठन ने अभी तक जो ऊचाईयां प्राप्त की है स्वतंत्र देव सिंह जी के नेतृत्व में पार्टी संगठन और नई ऊचाईयों को प्राप्त करेंगा। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में स्वतंत्र जी का चयन पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा के अनुरूप है। डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय जी लगभग 2 वर्षो से प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व पूरी कुशलता से निर्वहन कर रहे थे। केन्द्र सरकार में मंत्री का दायित्व मिला इसके पहले उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में एक शानदार पारी खेली। अपनी सहजता और सरलता व ईमानदारी से जनता में लोकप्रिय रहे है। संगठन के दायित्व के लिए स्वतंत्र देव जी को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चयनित करने के लिए मा. राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित भाई शाह, व केन्द्रीय संसदीय बोर्ड का हृदय से आभार व्यक्त करता हूॅ। मुख्यमंत्री जी ने कहा केन्द्रीय नेतृत्व ने एक सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व देकर आम कार्यकर्ताओं के मन में विश्वास भरा हैं। पूरे देश के अंदर परिवहन विभाग घाटे में चल रहा है लेकिन प्रदेश में स्वतंत्र जी ने परिवहन विभाग को फायदे में ला दिया। उन्होंने कहा बिना शोर सराबे के संगठन कार्य और अपने दायित्वों का निर्वाहन करने वाले स्वतंत्र जी निश्चित रूप से पार्टी संगठन को और मजबूत करेंगे। संगठन कार्य में न सिर्फ उ.प्र. बल्कि मध्य प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई। राजनीति मूल्यों और सिद्धान्तों पर आधारित होती है। राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं होता और इस असंभव को संभव में बदलने का काम हम मा. स्वतंत्र देव जी के नेतृत्व में करते हुए पार्टी को एक नई ऊचाईयों पर ले जाने का काम करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सम्पर्क में आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री के रूप में छात्रों, नौजवानों के बीच में काम करते हुए राष्ट्रीय विचारधार के प्रचार-प्रसार के साथ उसे मजबूत करने के संकल्प के साथ जो संगठन कार्य शुरू किया उसे युवा मोर्चा के महामंत्री, अध्यक्ष फिर पार्टी के लम्बे काल तक प्रदेश महामंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वाहन करते हुए उन्होंने पूरे उ0प्र0 में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई। उन्होने श्री सिंह को एक कुशल कर्मठ व योग्य संगठनकर्ता बताते हुए कहा कि उन्हें जब भी कोई दायित्व मिला उसका निर्वाहन उन्होंने कुशलतापूवर्क सम्पन्न किया। डा0 पाण्डेय ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को बधाई देते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व मेें पार्टी संगठन और सरकार के समन्वय से हम जहां उ0प्र0 के लोगों के कल्याण के लिए और भी अधिक तीव्रता से कार्य कर सकेंगे, वहीं कुशल संगठनकर्ता के हाथों पार्टी की बागडोर होने का लाभ भी हम सबको मिलेगा और अभी भी जिन क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति कमजोर है वहां उनके नेतृत्व में हम सब कार्यकर्ता मिलकर पार्टी संगठन का विस्तार कर उसे मजबूती प्रदान करेंगे।

इसके पूर्व नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। पार्टी के राज्य मुख्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा0 दिनेश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा0 रमापतिराम त्रिपाठी, विनय कटियार, सूर्यप्रताप शाही ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने पटका पहनाकर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, विजय बहादुर पाठक, पंकज सिंह, विद्यासागर सोनकर, नीलिमा कटियार भी उपस्थित रहे।

स्वागत कार्यक्रम के बाद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विधिवत पार्टी के अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा0 दिनेश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा0 रमापतिराम त्रिपाठी, विनय कटियार, सूर्यप्रताप शाही, पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, विजय बहादुर पाठक, पंकज सिंह, विद्यासागर सोनकर, नीलिमा कटियार सहित कई अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments