केरल के मुख्यमंत्री को भगवान अय्यपा का श्राप झेलना पड़ेगा-राजेश भाटिया

नई दिल्ली, 06 जनवरी।  आज दिल्ली भाजपा महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल एवं श्री राजेश भाटिया के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने केरल हाउस पर प्रदर्शन करते हुये केरल के मुख्यमंत्री से त्यागपत्र की मांग की। दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग से जन्तर मंतर स्थित केरल हाउस तक भाजपा कार्यकर्ताओं पर केरल सरकार द्वारा किये जा रहे अत्याचार और भाजपा कार्यकर्ता श्री चन्द्रन उन्नीथन जो भाजपा द्वारा आयोजित शांतिपूर्ण विरोध मार्च में सम्मिलित थे, उनकी हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर मार्च निकाला। भाजपा भक्तों की भावनाओं के साथ खड़ी है और वह मांग करती है कि भक्तों के अधिकारों की रक्षा होनी चाहिये। इस प्रदर्शन में भाजपा नेता श्री आशीष सूद, युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री सुनील यादव, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष श्री मनीष सिंह, ओ.बी.सी. मोर्चा अध्यक्ष श्री गौरव खारी भी सम्मिलित हुये।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री श्री राजेश भाटिया ने केरल सरकार की कड़ी निंदा करते हुये कहा कि भगवान अय्यपा के श्राप से कम्युनिस्ट पार्टी के नेता बच नहीं सकते क्योंकि उन्होंने सबरीमाला मंदिर में गलत काम किये हैं। उन्होंने आगे कहा कि केरल सरकार ने महिलाओं को मंदिर में जाने की अनुमति देकर भक्तों की भावनाओं के साथ धोखा किया है। भक्तों के विरोध के पश्चात केरल के मुख्यमंत्री राज्य की पुलिस का दुरूपयोग कर रहे हैं जो सीपीएम के असली चरित्र को दर्शाता है क्योंकि उन्होंने भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुये प्रदेश महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल ने आरोप लगाया कि केरल में सीपीएम कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है और मुख्यमंत्री कुछ भी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ने परिपक्वता दिखाई होती तो कानून व्यवस्था ध्वस्त नहीं होती। साथ ही उन्हें कार्यकर्ताओं को हिंसा से अलग रहने को कहना चाहिये था।

Facebook Comments