मनोज तिवारी ने झुग्गी बस्ती मे रात्रि प्रवास के बाद सुबह लोगों से मिलकर जानी जन समस्याएं

नई दिल्ली:  दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आज तिमारपुर झुग्गी बस्ती इंदिरा कैंप में रात्रि प्रवास के बाद सुबह बस्ती के निवासियों से मिलकर समस्याएं जानी और केन्द्र सरकार की जनहितकारी नीतियों से बस्ती निवासियों को अवगत कराया। उन्होंने समस्याओं के शीघ्र निदान का भरोसा दिलाया। इस दौरान तिवारी ने बस्ती के निवासियों एवं बूथ प्रमुख को सम्मानित भी किया।

बस्ती के निवासियों ने पीने के पानी, बिजली के बढ़ते बिल और कानून व्यवस्था से संबंधित समस्याओं को सांसद मनोज तिवारी के समक्ष रखा। दो बच्चों ने बस्ती के बीच मंदिर और एक छोटे से पार्क की बदहाल व्यवस्था के बारे में सांसद मनोज तिवारी को बताया।
तिवारी ने पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिये। वहीं बाकी की समस्याओं के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिखकर समाधान का भरोसा दिलाया।
बस्ती के निवासियों से मिलने के बाद सांसद श्री मनोज तिवारी ने कहा कि झुग्गियां से राजनीति शुरू करने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल आज उस आम आदमी को भूल गए हैं जिनकी दम पर वो सत्ता के शिखर तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि केजरीवाल सरकार के साढे़ तीन साल बाद भी दशकों पूर्व बसी इन्द्रा झुग्गी बस्ती में पीने का पानी नदारद है, लेकिन शराब के दो-दो ठेके इस बस्ती के समीप खोले गए हैं। बिजली हाफ का नारा देने वाले केजरीवाल की धोखेबाजी की कलई खोलने के लिए बस्ती के निवासियों द्वारा बिजली के बढ़े बिल आने की शिकायत काफी है।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि वो तिमारपुर की इंदिरा झुग्गी बस्ती के सुधार के लिए केन्द्र सरकार की संभावित योजनाओं के लिए पहल करेंगे और दिल्ली सरकार से क्षेत्र में विकास कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखेंगे। उन्होने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय का सपना तभी साकार होगा जब ऐसी बस्तियों में रहने वाले लोग देश की विकास की धारा के साथ जुड जाएंगे।
इस अवसर पर मनोज तिवारी के साथ जिला अध्यक्ष अजय महावर, पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष सिंह, पूर्व महापौर प्रीति अग्रवाल, मीडिया विभाग के प्रदेश सह-प्रभारी नीलकांत बक्शी, मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा, सह-प्रमुख आनंद त्रिवेदी, निगम पार्षद श्रीमती पूजा मदान, बस्ती के प्रधान नरेन्द्र कुमार, सोनू कुमार, विकास कुमार, भाजपा नेता भूषण त्यागी, डॉ. यू के चैधरी,  मृदुल त्यागी, श्रीमती रजनी सोढी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अरविंद नागर, बी एन झा, मंडल अध्यक्ष सचिन मावी, महामंत्री मनमोहन शर्मा, दीपक कुमार सहित कई जिला एवं मंडल पदाधिकारी मौजूद रहे।

Facebook Comments