11 और 12 जनवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन

नई दिल्ली, 29 दिसम्बर। भाजपा के दिनांक 11 और 12 जनवरी, 2019 को होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी हेतु पंडित पंत मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। बैठक को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय मंत्री एवं दिल्ली प्रदेश सह-प्रभारी श्री तरुण चुघ, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन ने सम्बोधित किया एवं राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में प्रदेश महामंत्री श्री राजेश भाटिया एवं श्री रविन्द्र गुप्ता, अन्य प्रदेश पदाधिकारी सहित 24 विभागों से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित थे।

राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन ने जानकारी देते हुए कहा कि 11 और 12 जनवरी, 2019 को रामलीला मैदान में होने वाला राष्ट्रीय अधिवेशन लोकसभा चुनाव से पहले सबसे बड़ी बैठक होगी। उन्होंने बताया कि इस अधिवेशन में देश भर के हर जिले से कुल मिलाकर लगभग 12,000 प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यह अधिवेशन बेहद अहम है।

डॉ. अनिल जैन ने बताया कि इस अधिवेशन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह, केन्द्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित अन्य नेता सम्मिलित होंगे और हम सभी को राष्ट्रीय नेतृत्व का  मार्गदर्शन मिलेगा।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी हेतु 24 विभागों का गठन किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी अलग-अलग कार्यकर्ताओं को दी गयी है। उन्होंने कहा, मैं आशा करता हूँ कि हम सब मिलकर पूर्ण सामथ्र्य के साथ इस राष्ट्रीय अधिवेशन को सफल बनाएंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री और दिल्ली प्रदेश के सह-प्रभारी श्री तरुण चुघ ने कहा कि देश भर के सभी जिलों से आने वाले प्रतिनिधियों का एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों से आवास तक और आवास में ठहरने से लेकर भोजन व रामलीला मैदान में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में जाने तक की सारी व्यवस्था ये 24 विभाग करेंगे।

Facebook Comments