व्यापारियों ने श्रद्धांजलि देने के बाद पाकिस्तान का पुतला दहन किया

नोएडा। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल और बरौला एसोसिएशन के तत्वावधान में सेक्टर 49 के मुख्य मार्ग पर पुलवामा में शहीद हुए सैनिकों की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। शहीद सैनिकों की याद में मोमबत्ती जलाकर 2 मिनट का मौन रखा गया। इसके पश्चात व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन के नेतृत्व में उग्र प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के पुतले को जूतों से मारते हुए तथा पाकिस्तान के झंडे के साथ उसका दहन किया। व्यापारियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि पाकिस्तान की इस हरकत का मुंह तोड़ जवाब केंद्र सरकार को देना होगा। केंद्र सरकार ने अगर अभी भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब नहीं दिया तो आने वाले चुनाव में व्यापारी चुनाव का बहिष्कार करेंगे और नोटा का बटन दबाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पर व्यापारी दबाव बनाने के लिए अब निरंतर देश के प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति को संबोधित पत्र लिखा जाएगा। इसके साथ ही नोएडा शहर समेत उत्तर प्रदेश के हर जिले और शहर में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही व्यापारी उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा भारत की सहनशीलता को उसकी कमजोरी समझ बैठा है। पाकिस्तान को अच्छी तरह याद है कि जब जब भारत ने अपना कड़ा रुख अपनाया है तो पाकिस्तान के नक्शे से उसके देश का अस्तित्व खतरे में नजर आया है। उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार को सेना को खुली छूट दे देनी चाहिए कि वह पाकिस्तान के अंदर घुसकर उस को मुंहतोड़ जवाब दें। बरौला एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश गुप्ता ने कहा कि कल पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए सैनिकों को देख कर यह लगता है कि हमारे परिवार का ही कोई सदस्य हमसे रूठ कर चला गया है। उन्होंने कहा कि देश के सैनिकों की शहादत को केंद्र सरकार को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए। अब भाषणों से इसका काम नहीं होने वाला। पाकिस्तान में घुसकर उसी के गढ़ में उसको जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि नोएडा शहर के हर बाजार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, योगेश गुप्ता, विवेक शर्मा, पंकज कुमार, रिंकू चैहान, सतीश अग्रवाल, सुदर्शन यादव, चंद्रभान सिंह, मदन गुप्ता, करण ग्रोवर, शिवा चैहान, शोभा शुक्ला, चंद्रपाल बंसल, अमित गुप्ता समेत सेक्टर 51 और बरौला के सैकड़ों व्यापारी मौजूद थे।

Facebook Comments