रामकथा के अमृतपान से मन में मर्यादा और आदर्शवाद के भाव का विकास होता है-मनोज तिवारी

नई दिल्ली, 22 फरवरी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद श्री मनोज तिवारी आज अपने संसदीय क्षेत्र के पश्चिमी ज्योति नगर के रामलीला पार्क में आयोजित राम कथा में भाग लिया। उन्होंने कथा व्यास श्री विजय कौशल जी महाराज के प्रवचन को ध्यान से सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु मौजूद थे। श्री मनोज तिवारी ने स्वयं भजन सुनाकर सीधे उनके मन से जुड़ने का सार्थक प्रयास किया। कथा का आयोजन मंगलमय परिवार ज्योति नगर द्वारा किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए श्री मनोज तिवारी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने समूचे विश्व के सामने एक आदर्श जीवन का उदाहरण पेश किया। सुख-दुख के समय किस तरह हमें धैर्य पूर्वक परिस्थितियों का सामना करना चाहिए, वहीं बुराई चाहे कितनी ही बड़ी हो हमें उसका डटकर मुकाबला करना चाहिए। एैसी सीख राम कथा के माध्यम से भगवान राम के आदर्शों से हमें मिलती है। उन्होने कहा कि राम कथा के अमृतपान से हमारे मन में मर्यादा और आदर्श के भाव का विकास होता है जो हमारे व्यक्तित्व में निखार लाता है। इसलिए हम सबको न सिर्फ रामकथा का अमृतपान करना चाहिए बल्कि अपने जीवन में उतार कर, जीवन सार्थक करना चाहिए।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री कैलाश जैन, महामंत्री श्री कर्मवीर चंदेल, मास्टर विनोद, मीडिया विभाग के प्रदेश सह-प्रमुख श्री आनंद त्रिवेदी, जिला मंत्री श्री पुनीत गोयल, मंडल अध्यक्ष श्री अशोक जोशी, श्री विकास त्यागी, निगम प्रत्याशी श्री मुकेश बंसल, सांसद प्रतिनिधि श्री बीरेंद्र खंडेलवाल सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Facebook Comments