दिल्ली भाजपा कार्यालय में मांगेराम गर्ग को दी अंतिम विदाई

नई दिल्ली:  भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष मांगेराम गर्ग जी का आज प्रातः 7 बज कर 30 मिनट पर निधन हो गया। मांगेराम गर्ग कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनके निधन का दुखद समाचार सुनने के बाद उनके अन्तिम दर्शन के लिए प्रदेश कार्यालय 14 पंडित पन्त मार्ग पर भारी संख्या में नेताओं, कार्यकर्ताओं, उनके साथ साथ काम करने वाले सहयोगियों के साथ अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा।

प्रदेश कार्यालय पर उनके अन्तिम दर्शन के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह, लाल कृष्ण आडवाणी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह, सुषमा स्वराज, वित्त मंत्री  निर्मला सीतारमण, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत सभी वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय  मांगेराम गर्ग जी के छोटे भाई महावीर प्रसाद गर्ग, पांचों पुत्र सुभाष गर्ग, सतीश गर्ग, सुरेश गर्ग, अशोक गर्ग, संजय गर्ग एवं सुपुत्री बाला के समक्ष अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुये कहा कि दुख की इस घड़ी में भाजपा परिवार उनके साथ खड़ा है। मांगेराम की अन्तिम यात्रा उनके निवास स्थान अशोक विहार फेज-2 से 11 बज कर 30 मिनट से शुरू होकर 12 बजे प्रदेश कार्यालय पहुंची, जहां एकत्रित जनसैलाब ने उनके दर्शन किये। अपने जीवनकाल में स्वर्गीय श्री मांगेराम जी ने अपना शरीर दधीचि देहदान समिति को दान कर दिया था और जो कुछ भी उन्होंने अपने सम्पूर्ण जीवन में अर्जित किया था उसे समाजिक संस्थाओं को दान कर दिया। मांगेराम गर्ग की पत्नी स्वर्गीय श्रीमती अंगुरी देवी जी का स्वर्गवास चार वर्ष पूर्व ही हो गया था।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मांगेराम गर्ग के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुये कहा कि गर्ग जी का जीवन लोकसेवा को समर्पित था। गर्ग जनसंघ से लेकर आज तक पार्टी के लिए समर्पित रहे हैं। उनके अचानक चले जाने से दिल्ली और पार्टी को भारी क्षति हुई है जिसकी भरपाई कर पाना मुश्किल है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अपनी श्रद्धांजलि में कहा है कि मांगेराम गर्ग ने दिल्ली में संगठन विस्तार एवं जनसमस्याओं को उठाने में जो अतुलनीय कार्य किया उसी के कारण भाजपा ने दिल्ली में न सिर्फ अनेक चुनाव जीते, उन्होंने दिल्ली के लाखों-करोड़ों लोगों के हृदय में अमिट स्थान बनाया है। गर्ग का इस तरह से हमारे बीच से चले जाना बेहद पीड़ा दायक है। उन्होंने जीवनकाल में पार्टी और लोक कल्याण के लिये अनेक अस्मणीर्य कार्य किये। जीवन के उपरान्त भी उन्होंने अपना समूचा शरीर दान करके एक मिसाल कायम की है। यह है संघ के लोगों का देश के प्रति समर्पण जो निधन के उपरान्त भी लोगों के काम आते हैं।
स्वर्गीय मांगेराम गर्ग जी के अन्तिम दर्शन व उन्हे श्रद्धासुमन अर्पित करने भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव, डाॅ. अनिल जैन, सरदार आर पी सिंह, महेन्द्र पाण्डेय, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता, प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय, संजय जोशी, आलोक कुमार, सांसद मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह, गौतम गम्भीर, मिजोरम प्रभारी श्री पवन शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल, रविन्द्र गुप्ता, राजेश भाटिया, डाॅ. नंद किशोर गर्ग, लाल बिहारी तिवारी, विजय शर्मा, वीएचपी से चंपत राय, आर.एस.एस. से श्री दयानन्द, भारत, अजय, दधीचि देहदान समिति के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, पूर्व विधायक, निगम पार्षद, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ताओं के साथ धार्मिक तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रदेश कार्यालय पर उनके अन्तिम भावभीनी श्रद्धाजंलि दी।
श्री मांगे राम गर्ग जी का संक्षिप्त जीवन परिचय
मांगेराम गर्ग का जन्म 23 नवम्बर, 1936 को हरियाणा के नरवाना तहसील के कुराड़ गांव में हुआ था। मांगेराम गर्ग जी बाल्यकाल से स्वयंसवेक रहे हैं। उन्होंने अपना शरीर चिकित्सक शोध के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल काॅलेज को दान कर दिया। जीवन भर वो समाज के काम आते रहे और निधन के उपरान्त भी वह समाज के ही काम आयेंगे। यह है संघ का बलिदान जो जीवन के उपरान्त भी समाज के लिये समर्पित है। उन्होंने अपने जीवन काल में स्वयं की कमाई का सब कुछ अनेक संस्थाओं को देश एवं समाज हित में दान कर दिया। मांगेराम गर्ग 83 वर्ष के थे।
युवा अवस्था के समय से ही जनसंघ से जुड़े रहे मांगेराम गर्ग जी, स्वामी विनोबा भावे के स्वच्छता के लिए चलाया जा रहा स्वावलम्बन आंदोलन से जुड़े रहे। समालखा रेलवे स्टेशन पर आजादी से पूर्व बाल्यकाल में गर्ग ने यात्रियों को पानी पिलाकर सेवा के काम की शुरूआत की। मांगेराम गर्ग जी हमेशा कहा करते थे कि राजनीति सेवा का सर्वश्रेष्ठ माध्यम है। मांगेराम गर्ग ने दो पुस्तकें भी लिखी हैं एक सेवा का सच और महाकलेश्वर। गर्ग दैनिक दिनचर्या को डायरी में लिखकर अपने काम के लेखा जोखा का स्वयं मूल्यांकन करते थे।
भाजपा की समिति अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक सफर। जिला अध्यक्ष के बाद दिल्ली भाजपा प्रदेश महामंत्री, प्रदेश कोषाध्यक्ष के बाद 1997 में दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष बने। इनके नेतृत्व में 1999 में भाजपा ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर विजय प्राप्त करके श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी के हाथ मजबूत किये थे। मांगेराम गर्ग लगातार पांच सालों तक 2002 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। 2003 से 2008 तक दिल्ली विधानसभा के सदस्य रहे। राष्ट्रीय आजीवन सहयोग निधि के प्रमुख 2002 से 2014 तक रहे। 2014 से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय निर्माण समिति के सदस्य के रूप में काम देख रहे थे जिसके तहत भाजपा के प्रदेशों एवं जिलों मंे कार्यालय निर्माण का काम किया जा रहा था।
मांगेराम गर्ग ने सैकड़ों सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का गठन करके सेवा भाव का काम किया। प्रमुख संस्थायें: धर्मयात्रा महासंघ, अग्रवाल निष्काम सेवा ट्रस्ट हरिद्वार, आदर्श रामलीला कमेटी, आदर्श शिक्षा संस्थान, आदर्श धर्ममार्थ संस्थान, आदर्श विवाह समिति, अग्रवाल वेलफेयर सोसायटी, एकता चेरिटेबल ट्रस्ट गोवर्धन, श्री शिव कृष्णा सेवा ट्रस्ट वृंदावन, नीलकंठ धाम हरिद्वार, गंगामाता चेरिटेबल ट्रस्ट हरिद्वार हैं।
मांगेराम गर्ग जी का अभी भी संयुक्त परिवार है जिसमें 28 सदस्य एक साथ मिलकर रहते हैं। पांच पुत्र सुभाष गर्ग, सुरेश गर्ग, अशोक गर्ग, सतीश गर्ग एवं संजय गर्ग, एक सुपुत्री श्रीमती बाला गर्ग के रूप में भरापूरा परिवार है। इनकी पत्नी स्वर्गीय अंगुरी देवी जी का स्वर्गवास चार वर्ष पूर्व ही हो गया था।

Facebook Comments