भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के लिये लोगों में अति उत्साह है: कुलजीत सिंह चहल

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी दिल्ली के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ व पर्वतीय प्रकोष्ठ ने आज प्रदेश कार्यालय पर संगठन सदस्यता अभियान के अन्तर्गत कार्यक्रमों का आयोजन किया। दिल्ली के सभी 14 जिलों से बुद्धिजीवीयों व पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले समाज के विशिष्ट लोगों ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली। इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन एवं प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के संयोजक अमित खड़खड़ी, प्रभारी ओम प्रकाश शर्मा, पर्वतीय प्रकोष्ठ के संयोजक अर्जुन राणा, प्रभारी श्याम लाल, सह-प्रभारी डाॅ. विनोद बछेती, पूर्व कार्यालय मंत्री उदय शर्मा, निगम पार्षद वीर सिंह पंवार, रजनी पाण्डेय, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ सह संयोजक संजय निझावन, हरबंस लाल गुप्ता, विनोद वत्स, कैलाश तायल, विक्रम गौड़ उपस्थित थे।

उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुये राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता व भाजपा के सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास में लोगों की आस्था का परिणाम संगठन सदस्यता अभियान में भारी संख्या में हो रही प्राथमिक सदस्यता है। सदस्यता अभियान दिल्ली विधानसभा चुनावों को सकारात्मक परिणामों में बदलने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। दिल्ली में हर ओर लोगों में भाजपा की ओर सकारात्मक झूकाव हुआ है जिसका मुख्य कारण केन्द्र सरकार का काम है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली को विकास के मामले में कई वर्षों पीछे धकेल दिया है। जनता विरोधी नीतियों के कारण और मुफ्त व्यवस्था के नाम पर तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली आम आदमी पार्टी ने दोषारोपण के सिवाय कोई काम नहीं किया। केजरीवाल सरकार की नीतियों से दिल्ली की जनता परेशान है और दिल्ली के सर्वागिण विकास के लिए वो भाजपा की ओर आशा की नजरों से देख रही है। हमें दिल्ली की सत्ता में भाजपा की पूर्ण बहुमत बनाकर क्षेत्र के विकास के लिए समर्पण भाव के साथ काम करना है।
दिल्ली प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि बूथ पर काम करना और समाज के सभी वर्गों के विशिष्ट प्रभाव वालें लोगों के साथ साथ पहली बार मतदाता बनने जा रहे लोगों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराने पर विशेष ध्यान देना है। सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी के मूलमंत्र पर आधारित सदस्यता अभियान में हर वर्ग को महत्व और सम्मान देने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। कमजोर बूथ पर अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवानी है। सभी प्रदेश पदाधिकारी भी समान्य कार्यकर्ता की तरह क्षेत्र में काम करें। पार्टी का विस्तार करने के साथ-साथ हम सरकार बनाकर राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ देशहित के लिए काम करते है। हर बूथ पर पांच पेड़ लगाकर एक पंचवटी तैयार करें जो नये भारत के निर्माण में अपनी मुख्य भूमिका निभाए।
सदस्यता अभियान प्रमुख एवं दिल्ली प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि जिलों से लेकर मण्डलों तक प्राथमिक सदस्यता को लेकर अधिक से अधिक संख्या में लोग पार्टी की सदस्यता ले रहे है। जनजागरण के रूप में संगठन सदस्यता पूरी दिल्ली में फैल गया है और लोगों का प्यार व आशीर्वाद लगातार मिल रहा है। उत्सुकता व भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का जोश दिल्ली के लोगों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। जनता की सकारात्मक प्रतिक्रिया से कार्यकर्ताओं में जोश है, हम जल्द ही अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के अलावा पार्टी के साथ रिकोर्ड संख्या में सदस्य शामिल करने में सफल होंगे।
बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ संयोजक अतिम खड़खड़ी ने कहा कि संगठन सदस्यता अभियान आप सभी कार्यकर्ताओं के लिए एक पर्व के समान है। इस त्यौहार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आस्था रखने वाले एवं भाजपा के सबका साथ सबका विकास सबके विश्वास को आत्मसात करने वाले लोगों को संगठन के साथ जोड़ना है। जितनी अधिक संख्या में हम लोगों को पार्टी की विचारधारा के साथ जोड़ने में सफल हो पायेंगे उतना ही अच्छा प्रदर्शन दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी को विजय की ओर ले जायेगा।
पर्वतीय प्रकोष्ठ संयोजक अर्जुन राणा ने कहा कि दिल्ली का एक भी घर सदस्यता अभियान से अनभिज्ञ न रह जाये ऐसी तैयारियों के साथ हमसब को कार्यकर्ता के रूप में मिलकर काम करना होगा। पार्टी के लिए सदस्यता अभियान अमृत के समान है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत को सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर मेहनत करना हम सभी कार्यकर्ताओं का एकमात्र लक्ष्य होना चाहिए।

Facebook Comments