निदेशक पर्यावरण ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण पर बल दिया
Date posted: 6 June 2019
लखनऊ: पर्यावरण निदेशालय उ0प्र0 एवं आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में ‘‘विश्व पर्यावरण दिवस-2019’’ के अवसर पर दिनांक 04 व 5 जून, 2019 को पर्यावरणीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पर्यावरणीय कार्यक्रमों के अंतर्गत दिनांक 4 जून 2019 को वृक्ष पहचान प्रतियोगिता, लिखित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, वन्यजीवों एवं उनके संरक्षण पर आधारित फिल्म प्रदर्शन तथा दिनांक 5 जून, 2019 को पर्यावरण विषयक कठपुतली प्रदर्शन, पर्यावरण पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता, वाद विवाद एवं सिट एंड ड्रा कान्टेस्ट तथा पाॅवर प्वाइंट प्रजेंटेशन का आयोजन हुआ। पर्यावरणीय जनजागरूकता कार्यक्रमों में विभिन्न स्कूलों के 650 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डा0 रूपेश कुमार, आई0ए0एस0, विशेष सचिव एवं निदेशक, पर्यावरण निदेशालय, उ0प्र0 ने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों का उत्साहवर्धन करते हुए बच्चों को पर्यावरणीय तथ्यों से अवगत कराया तथा वर्तमान में परिवहन, निर्माण एवं औद्योगिकीकरण से होने वाली हानियों से भी परिचित कराया तथा इससे छुटकारा पाने हेतु अधिक से अधिक वृक्षारोपण किये जाने पर बल दिया। उन्होंने यह भी अवगत कराया की हाल ही में डस्ट सप्रेसेंट का आविष्कार हुआ है, जिससे खुले में छिडकाव किये जाने से प्रदूषण कारकों का नियंत्रण किया जा सकता है।
इस अवसर पर प्रतिभागियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए डा0 राज मेहरोत्रा, परियोजना समायोजक, आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ ने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन पर्यावरण निदेशालय, उ0प्र0 के सहयोग से सफलतापूर्वक किया गया। इसके आयोजन का उद्देश्य वायु प्रदूषण के खतरों एवं उनके निदान के प्रति समाज में जागरूकता उत्पन्न करने तथा अपनी निजी जिम्मेदारियों को समझाना था। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि उन्हें अपने चारो तरफ पर्यावरण संबंधी गतिविधियों पर विशेष ध्यान देना होगा तथा पर्यावरणीय क्षति के प्रति समाज को सचेत करना होगा।
Facebook Comments