छात्रों और मजदूरों को लाने के लिए बिहार भाजपा ने किया शीर्ष नेतृत्व का आभार

पटना: केंद्र सरकार द्वारा लॉकडाउन में बाहर फंसे लोगों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा पर हर्ष व्यक्त करते हुए बिहार भाजपा के नेताओं ने केन्द्रीय नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. इस निर्णय को अभूतपूर्व बताते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा “ देशवासियों के प्रदेश हित में एक और सराहनीय निर्णय लेते हुए केंद्र सरकार ने लॉकडाउन की वजह से अन्य राज्यों में फंसे लोगों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की जो घोषणा की है, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम होगी.

सरकार के इस निर्णय से कई लाख मजदूर और कई हजार छात्र, बेहद कम समय में वापस अपने-अपने घर आ सकेंगे. जिसमें बिहार के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हैं. इस अभूतपूर्व निर्णय के लिए बिहार की जनता प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार के प्रभारी भूपेन्द्र यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, रेल मंत्री पियूष गोयल, गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय व अन्य शीर्ष नेताओं की आभारी रहेगी.”

इस सराहनीय निर्णय का श्रेय भाजपा नेताओं को देते हुए रंजन ने कहा “ लॉकडाउन के प्रारंभ से ही भाजपा के नेता व कार्यकर्ता जनसेवा के अपने एकसूत्री एजेंडे पर मिशन मोड में लगे हुए हैं, जिसकी रोजाना मॉनिटरिंग विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से खुद प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल और शीर्ष नेतृत्व द्वारा की जा रही है. इसके अलावा भाजपा द्वारा जारी टोल फ्री नंबर के द्वारा भी बिहार से बाहर फंसे लोगों तक राहत पंहुचाने का काम चल रहा है. इन्हीं कांफ्रेंस और नंबरों के माध्यम से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पास बिहार के बाहर, विशेषकर दिल्ली और महाराष्ट्र में फंसे लोगों को हो रही समस्याओं के बारे में लगातार शिकायतें आ रही थी.

प्रदेश अध्यक्ष ने इन सारी वस्तुस्थितियों को लगातार शीर्ष नेतृत्व के सामने रखते हुए इसके निदान की मांग रख रहे थे. बिहार भाजपा के सांसदों और मंत्रीगण भी इसके लिए लगातार प्रयत्नशील रहे. यही वजह है कि हालातों पर थोड़ा नियन्त्रण पाते ही गृह मंत्रालय ने सबसे पहले लोगों को वापस उनके घर भेजने का निर्णय लिया.”

श्री रंजन ने कहा “ केंद्र सरकार के इस अभूतपूर्व निर्णय के बाद अब सरकार का पूरा ध्यान लोगों को सुरक्षित रूप से जल्द से जल्द घर वापस लाने पर है. बिहार भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सरकार की इस मुहीम में उनके साथ खड़ा है”    

Facebook Comments