स्वतंत्र देव सिंह और सुनील बंसल ने नगर पालिका अध्यक्षों व विधि प्रकोष्ठ से की वीडियो कांफ्रेंसिंग

लखनऊ :  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज कहा कि केंद्र सरकार ने कोरोना के प्रभाव के चलते देश व्यापी लॉकडाउन को कुछ रियायतों व शर्तों के साथ दो सप्ताह के लिए बढ़ाया है। प्रदेश सरकार ने भी केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए प्रदेश में भी श्रेणीवार बहुत सी रियायतें देते हुए जनसामान्य के हितों को ध्यान में रखकर फैसले किये है। आमजन को कोरोना संक्रमण से बचाते हुए जनजीवन को धीरे-धीरे सामान्य बनाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार लगातार कोशिश कर रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह समय और भी धैर्य रखने का है। जहाँ- जहाँ सरकार द्वारा कुछ प्रतिबंधों के साथ लॉकडाउन में छूट दी जा रही है, उन प्रतिबंधो का पालन करके हम खुद को तो सुरक्षित रख ही सकते है साथ ही देश व समाज को भी कोरोना संक्रमण से बचाने में अपनी भूमिका का निर्वाहन भी कर सकते है। उन्होंने पार्टी कार्यकताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सेवा कार्यों के माध्यम से योगदान दे रहे पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी अब और बढ़ गई है। लॉकडाउन में मिली छूट को लेकर आमजनों में यह जागरूकता लाये की वे आवश्यक होने पर ही घर से निकले। यदि घर से निकलना पड़ता है तो आपस मे दो गज की दूरी का पालन करते हुए मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही आरोग्य सेतु एप अपने मोबाईल पर जरूर इंस्टॉल करें। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  स्वतंत्र देव सिंह एवं प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने आज नगर पालिका अध्यक्षों व विधि प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से वार्ता की। साथ ही पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष व क्षेत्रीय संगठन मंत्रियों से भी संवाद स्थापित कर सेवा कार्यों के साथ- साथ कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगां में जागरूकता लाने के संदर्भ में भी चर्चा किया।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल सरकार द्वारा किये जा रहे जनहित के कार्यों पर बेजा प्रश्नचिन्ह लगा रहे हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने कोरोना के खिलाफ देश की लड़ाई में देशवासियों के साथ खड़ा होने की बजाय व्यक्तिगत स्वार्थों को चुना। सरकार ने जनसहयोग की अपील की तो जनता ने कोरोना महामारी में संसाधन जुटाने के लिए बनाए गए पीएम केयर्स में खुले दिल से अपना योगदान दिया। बावजूद इसके हल्ला मचाने वाले विपक्षी दलों ने सहयोग करना तो दूर लोगों को गुमराह करने में ही अपने संसाधन लगा दिए।
उन्होंने कहा कि यह संकट का समय है राजनीति करने के ढ़ेरों मौके आयेगे। विरोध ही करना है तो अनगिनत मौके मिल जाएंगे। आपदा की इस घड़ी में यदि सहयोग की भावना नहीं है तो ओछी राजनीति से भी बचना चाहिए। राज्य सरकार और भाजपा संगठन हर समय प्रदेशवासियों की मदद के लिए तत्पर है। किसी को संदेह या संशय में पड़ने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि आरोग्य सेतु एप पर भी विपक्ष बेजा सवाल उठा रहा है। जबकि यह एप कोरोना से जुड़ी जानकारियों से अवगत कराने, सुरक्षित रखने का सबसे कारगर हथियार है। लेकिन विपक्षी दल केवल और केवल विरोध के लिए गलत बयानी पर उतारू हैं। वह लोगों को बरगला रहे हैं ऐसे में इस भ्रम को दूर करने का काम भी कार्यकर्ताओं को करना है। वह अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करें कि वह आरोग्य सेतु एप अपने मोबाईल में जरूर डाउनलोड करें।

Facebook Comments