दिल्ली के लोगों को सच्चाई जानने का हक है क्योंकि यह समय राजनीति का नहीं बल्कि सेवा और सुरक्षा का समय है: तिवारी

नई दिल्ली:  दिल्ली सरकार द्वारा कोरोना से हुई मौतों के आंकड़े छिपाने को लेकर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से स्पष्टीकरण मांगा। तिवारी ने कहा कि दिल्ली के लोगों को सच्चाई जानने का हक है क्योंकि यह समय राजनीति का नहीं बल्कि सेवा और सुरक्षा का समय है। प्रतिदिन प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दिल्ली के मुख्यमंत्री दिल्ली के लोगों के सामने कोरोना संक्रमण से हुई मृत्यु के झूठे आंकड़े रख रहे हैं जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
तिवारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के मामले में दिल्ली तीसरे स्थान पर है लेकिन फिर भी लोगों की जान की परवाह किए बगैर दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल कहते हैं कि दिल्ली को खोलने का समय आ गया है इसलिए लोगों को कोरोना महामारी के साथ रहने की आदत की आदत डाल लेनी चाहिए। रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली सरकार ने हर दिन होने वाले टेस्ट की लंबित रिपोर्टों के आंकड़े को भी देना बंद कर दिया है और अलग-अलग अस्पताल में हो रही मृत्यु के आंकड़े को भी देना बंद कर दिया है जो सरासर गलत है। इससे साफ जाहिर है कि केजरीवाल सरकार दिल्ली के लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए समय पर टेस्टिंग कराने और उचित इलाज देने में असफल साबित हुई है।

तिवारी ने बताया कि कोरोना को गंभीरता से लेने के लगभग दो महीने हो जाने पर भी दिल्ली सरकार ने अभी तक इसके प्रसार को रोकने के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जिसकी वजह से आम लोगों के साथ-साथ कोरोना योद्धाओं को भी इलाज नहीं मिल पा रहा है। दिल्ली के अस्पतालों ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि कोरोना संक्रमण से हुई मौत के जो आंकड़े वह दिल्ली सरकार को देती है, दिल्ली सरकार उसे कम करके जनता के सामने रख रही है। दिल्ली सरकार पहले लोगों से राशन छुपा रही थी और अब कोरोना वायरस से हुई मौतों के आंकड़े को छुपा रही है। यह बेहद ही शर्म की बात है कि अपनी असफलता को छुपाने के लिए दिल्ली सरकार कोरोना संक्रमण के कारण हुई मृत्यु के आंकड़ों पर भी राजनीति कर रही है।

Facebook Comments