दिल्ली में एंटीजन रैपिड टेस्टिंग के माध्यम से 6 लाख लोगों का मुफ्त में टेस्ट होगा: आदेश गुप्ता
Date posted: 19 June 2020
नई दिल्ली: कोरोना संकट के समय दिल्ली की ध्वस्त होती स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के कारण दिल्ली के लोगों को हो रही परेशानियों को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कुछ दिनों पहले सर्वदलीय बैठक ली थी जिसके बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। दिल्ली के लोगों को सुरक्षित रखने और कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए गृह मंत्री अमित शाह द्वारा उठाए गए कदमों के लिए उनका आभार करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। गुप्ता ने कहा कि माननीय गृह मंत्री के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली में कोरोना टेस्टिंग के रेट फिक्स किए गए, टेस्टिंग की संख्या बढ़ाई गई, एंटीजन रैपिड टेस्टिंग की शुरुआत की गई, 500 रेलवे कोच से निर्मित 8000 बेड मुहैया करवाए गए। स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को मॉनिटर करने के लिए केंद्र के 5 वरिष्ठ अधिकारी तैनात किए गए, ट्रेसिंग और ट्रैकिंग के लिए कंटेनमेंट जोन के प्रत्येक घरों की मैपिंग की जा रही है और आज प्राइवेट अस्पतालों की प्राइस कैपिंग की गई है।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली भाजपा, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन व अन्य दलों के साथ गृह मंत्री जी बैठक में दिल्ली के स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से सक्रिय करने के लिए प्रमुख कदम उठाए गए जिसे लागू करने के लिए दिल्ली सरकार को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक में दिल्ली भाजपा ने माननीय गृह मंत्री जी के समक्ष दिल्ली में टेस्टिंग रेट और प्राइवेट अस्पतालों की प्राइस कैपिंग और बेड की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया था जिसे स्वीकार किया गया जिसके लिए मैं गृह मंत्री का धन्यवाद करता हूं। कोरोना संकट के समय में भी प्राइवेट अस्पताल कोरोना संक्रमित मरीजों से 5-10 लाख रुपए वसूल रहे थे जिससे गरीब-मध्यम वर्गीय परिवारों को आर्थिक रूप से काफी समस्या हो रही थी। समय-समय पर दिल्ली भाजपा ने प्राइवेट अस्पतालों की प्राइस कैपिंग की मांग को कई बार केजरीवाल सरकार के भी सामने रखा था लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। गृह मंत्री की पहल से आज डॉ वीके पॉल कमेटी की सिफारिशों को लागू करते हुए दिल्ली में कोरोना संक्रमित लोगों के इलाज की दरों में भारी कटौती करते हुए प्राइवेट अस्पतालों की प्राइस कैपिंग की गई है। अब प्राइवेट अस्पतालों में 8 से 10 हजार रुपये प्रति दिन में आइसोलेशन बेड मिलेंगे, 13 से 15 हजार रुपये प्रतिदिन में आईसीयू बिना वेंटीलेटर के मिलेंगे, 15 से 18 हजार रुपये प्रतिदिन पर आईसीयू वेंटीलेटर के साथ मिलेंगे जिसमें पीपीई किट की कीमत शामिल है। प्राइवेट अस्पतालों की प्राइस कैपिंग का फायदा उन मिडिल क्लास परिवार को होगा, जिन्हें सरकारी अस्पताल में बेड नहीं मिल पा रहा था और वो प्राइवेट अस्पताल के भारी भरकम बिल को चुकाने में अक्षम थे। अगर कोई भी प्राइवेट अस्पताल इससे अधिक चार्ज करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। केंद्र सरकार की ओर से प्राइवेट अस्पतालों को मॉनिटर करने के लिए आईएएस ऑफिसर को बतौर नोडल ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
श्री गुप्ता ने बताया कि कोरोना टेस्टिंग की संख्या में इजाफा हुआ है और टेस्टिंग रेट 2400 रुपए फिक्स करने के साथ ही 169 टेस्टिंग के नये सेंटर भी खोले गए हैं। पहले 4000-4500 टेस्टिंग होते थे लेकिन 15 जून से प्रतिदिन 7000 से भी ज्यादा टेस्ट हो रहे हैं, परिणाम स्वरूप 15 जून से 17 जून तक 27,263 टेस्टिंग सैंपल लिए गए हैं। कल एंटीजन रैपिड टेस्टिंग की शुरुआत की गई जिसके तहत 193 टेस्टिंग सेंटरों पर 7040 लोगों का टेस्ट किया गया। दिल्ली में एंटीजन रैपिड टेस्टिंग के माध्यम से 6 लाख लोगों का मुफ्त में टेस्ट होगा। 15 जून से अब तक 242 कंटेनमेंट जोन के 2 लाख 30 हजार लोगों का हेल्थ सर्वे किया गया।
श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में केंद्र सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किशन रेड्डी एवं नित्यानंद राय ने स्थानीय सांसदों के साथ पूरी सक्रियता से एंटीजन डिटेक्शन टेस्टिंग सेंटर की व्यवस्था का निरीक्षण करना प्रारंभ कर दिया है। जिसके अंतर्गत कल किशन रेड्डी ने नई दिल्ली से सांसद मीनाक्षी लेखी के साथ नरेला सहित चार क्षेत्रों में बने एंटीजन डिटेक्शन टेस्टिंग सेंटर का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। नित्यानंद राय ने दक्षिणी दिल्ली के आयानगर, महरौली, दक्षिणपुरी और तिगड़ी में बने सेंटर का निरीक्षण किया था। इसी क्रम में कल केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किशन रेड्डी, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी के साथ अशोकनगर के एंटीजन डिटेक्शन टेस्टिंग सेंटर का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी होती है कि वह जनता के समस्याओं के प्रति सचेत रहें, उनके बीच जाएं और उनकी समस्याओं का निवारण करें। एक ओर दिल्ली के मुख्यमंत्री होकर भी अरविंद केजरीवाल इतने दिनों में एक बार भी ग्राउंड पर जनता के बीच जाकर दिल्ली के लोगों की समस्याओं को नहीं सुना, किसी भी अस्पताल का निरीक्षण नहीं किया, वहीं दूसरी ओर देश के गृह मंत्री स्वयं दिल्ली के अस्पताल का और गृह राज्य मंत्री एंटीजन डिटेक्शन टेस्टिंग सेंटर का निरीक्षण कर रहे हैं
गुप्ता ने कहा कि मैं एक बार फिर से मोदी सरकार और गृह मंत्री का धन्यवाद करना चाहता हूं क्योंकि उनके प्रयासों से आज दिल्ली के लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। चरमराती स्वास्थ सुविधाओं के कारण दिल्ली के लोगों में जो निराशा और भय का माहौल था वह भी धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ता निरंतर दिल्ली के लोगों की सेवा कर रहे हैं और उनके बीच फेस मास्क, सैनिटाइजर और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए के पैकेट्स का वितरण कर रहे हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि निश्चित रूप से पूरी दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरा देश वैश्विक महामारी कोरोना से जीतेगा।
Facebook Comments