गोरखपुर में राप्ती नदी के तट पर घाट निर्माण हेतु 01 करोड़ रुपये स्वीकृत
Date posted: 19 June 2020
लखनऊ: सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा जनपद गोरखपुर में राप्ती नदी के दायें तट पर स्थित रामघाट पर घाट निर्माण के लिए 01 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार जनपद बहराइच में पुरानी सरयू नदी के दायें तट पर घाट एवं श्मशान घाट के निर्माण के लिए राज्य वित्त पोषित चालू सिंचाई परियोजनाओं हेतु प्राविधानित धनराशि 4 हजार लाख के सापेक्ष 100 लाख रुपये की धनराशि अवशेष कार्यों के लिए अवमुक्त की गई है। इस संबंध में 18 जून 2020 को शासनादेश जारी कर दिया गया है। कराये जाने वाले कार्यों की गुणवत्ता एवं समय से पूरा कराये जाने के निर्देश मुख्य अभियन्ता को दिए गए हैं।
इसी प्रकार चालू वित्तीय वर्ष 2020-21 में मध्य गंगा नहर परियोजना द्वितीय चरण के लिए प्राविधानित धनराशि 300 करोड़ रुपये में से 25 करोड़ रुपये इस प्रकार कुल धनराशि 50 करोड़ रुपये निर्माण कार्यों पर व्यय करने के लिए स्वीकृत करते हुए प्रमुख अभियन्ता एवं विभागाध्यक्ष सिंचाई एवं जल संसाधन के निवर्तन पर रखा गया है। इस संबंध में 12 जून, 2020 को शासनादेश जारी कर दिया गया है।
शासनादेश में कहा गया है कि द्वितीय चरण की परियोजना हेतु विभाग द्वारा सभी आवश्यक वैधानिक अनापत्तियां एवं पर्यावरणीय क्लियरेंस सक्षम स्तर से प्राप्त करके ही निर्माण कार्य प्रारम्भ किया जाय। परियोजना की विशालता एवं महत्ता को देखते हुए गुणवत्ता नियंत्रण एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग के स्तर पर एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाय। यह समिति परियोजना के कार्यों की प्रगति का अनुश्रवण करके गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए निगरानी रखेगी।
Facebook Comments