प्रधानमंत्री के आह्वान पर 130 करोड़ भारतवासियों ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है: अरुण सिंह

नई दिल्ली: आज भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद अरुण सिंह, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए घोंडा विधानसभा में जन-संवाद रैली को संबोधित किया और मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 1 वर्ष की तमाम उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने किया। विधायक अजय महावर ने उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों को यह शपथ दिलाई कि वे स्थानीय उत्पादों को खरीदेंगे और उसका प्रचार प्रसार करेंगे और कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के अभियान को आगे बढ़ाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर, प्रदेश कार्यालय मंत्री गिरीश सचदेवा व प्रदेश मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।

अरुण सिंह ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के कारण हमें सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष कर ध्यान रखना है। इसी क्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वर्चुअल जनसंवाद रैली के माध्यम से कोरोना काल में भी हमें लोगों से जुड़ने का अवसर मिला है। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 6 वर्ष पूरे हुए हैं। पांच वर्षों में लगातार जनता के बीच सरकार के कामों का रिपोर्ट कार्ड लेकर गए। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरे होने पर हम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। पिछले 6 वर्षों में मोदी जी के नेतृत्व में हमारे देश ने बहुत प्रगति की है। अंतरराष्ट्रीय जगत में भी भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
सिंह ने कहा कि इस समय पूरा विश्व वैश्विक महामारी कोविड-19 से लड़ रहा है और अपने-अपने स्तर पर महामारी की रोकथाम के लिए काम कर रहा। हमारे प्रधानमंत्री जी ने जिस सूझबूझ और इच्छा शक्ति के साथ कोरोना से लड़ने के लिए जो भी कदम उठाए हैं, उसकी सराहना पूरे विश्व से लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन तक हो रही है। कोरोना संकट की घड़ी में अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा, लेकिन प्रधानमंत्री ने देशवासियों के लिए 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषण की जिसका लाभ हर वर्ग को मिला। वर्तमान में संकट के समय में भी विपक्ष का व्यवहार बहुत गैर जिम्मेदाराना है। कांग्रेस शासनकाल में भाजपा ने हमेशा पूरी जिम्मेदारी के साथ विपक्ष की भूमिका निभाई है लेकिन कांग्रेस लोगों के हित के लिए नहीं बल्कि सिर्फ पार्टी का हित सोचते हुए काम करती है। जब पूरा देश कोरोना महामारी से लड़ रहा था, तब विपक्ष हर दिन वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से देश को कमजोर करने की रणनीति बना रहा था।
श्री सिंह ने कहा कि 2014 में जनादेश मिलने के बाद मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने देशवासियों से किए गए हर वादे को पूरा किया। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो कहती है, वह करती है। 2019 में देशवासियों ने मोदी को अपना पूरा समर्थन दिया और उन्हें दोबारा प्रधानमंत्री बनने का अवसर दिया। देशवासियों की महत्वाकांक्षाओं पर खरे उतरते हुए मोदी सरकार ने 70 वर्षों से लंबित मामलों को सुलझाया और जनता के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए। ये मोदी  की इच्छा शक्ति थी जिन्होंने नागरिकता संशोधन कानून को लागू किया और जो शरणार्थी वर्षों से भारत में रह रहे थे उनको नागरिकता प्रदान की गई। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक के श्राप से मुक्ति दिलाई। धारा 370 हटा कर कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाया। उन्होंने कहा कि राम जन्म भूमि के संबंध में जब भाजपा के नेता सार्वजनिक सभाओं में बोलते थे, उस समय विपक्ष ताने देती थी कि चुनाव आ गया है इसलिए राम जन्म भूमि की बात कर रहे हैं।लेकिन आपने देखा कि धीरे-धीरे मार्ग प्रशस्त होता गया और देश की सबसे बड़ी अदालत ने राम जन्म भूमि के पक्ष में फैसला दिया।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल से गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन देश के गरीब, किसान, मजदूर की गरीबी नहीं दूर हुई बल्कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की गरीबी जरूर दूर हुई। वहीं मोदी जी ने जब गरीबों के जन-धन बैंक अकाउंट खोलने की बात की थी तब विपक्षियों ने बड़ी खिल्ली उड़ाई थी। आज 38 करोड़ लोगों ने जन-धन खाते खुले हैं और कोरोना महामारी के दौरान महिलाओं को 1,500 रुपये इन्हीं खातों के माध्यम से मिला है। आज मोदी जी के आह्वान पर 130 करोड़ भारतवासियों ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी भी देश के जवानों का मनोबल कम करने का अवसर नहीं छोड़ती है और गलवान घाटी में हुए झड़प के बाद भी कांग्रेस ने यही किया लेकिन हमें अपने वीर जवानों के शौर्य पर पूरा भरोसा है। जैसा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अदम्य साहस एवं शौर्य का परिचय देकर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और भारत दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देगा। भारत की संप्रभुता पर हमला करने वाले दुश्मनों को भी आज पता है कि अगर देश में कुछ करेंगे तो उनका हाल क्या होगा। देश में भाजपा की सामर्थ्यवान और सक्षम सरकार जो आतंकवाद को खत्म करने की शक्ति रखती है।
कोरोना संकट के समय केजरीवाल सरकार की लापरवाहियों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने कहा कि केजरीवाल सरकार सिर्फ विज्ञापनों में व्यस्त है बाकि उन्हें जनता की परेशानियों से कोई मतलब नहीं है। मुख्यमंत्री केजरीवाल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर दिल्ली की जनता के लिए भलाई का कार्य करें। आशा है कि मोदी सरकार के हस्तक्षेप के बाद केजरीवाल सरकार भी दिल्ली के लोगों को कोरोना से सुरक्षित रखने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, सेल्फ कॉन्फिडेंस और पॉजिटिविटी के साथ कोरोना संकट का हम मिलकर मुकाबला करेंगे। हम लड़ेंगे, जीत हासिल करेंगे और कोरोना को परास्त करेंगे।
आदेश गुप्ता ने कहा कि दुख की बात तो यह है कि जब हम कोरोना के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे थे उस समय केजरीवाल सरकार राजनीति में व्यस्त थी। दिल्ली भाजपा दिल्ली के लोगों की सेवा कार्य में जुटी है लेकिन आम आदमी पार्टी बेबुनियाद बयानबाजी करने में जुटी है। जब से मोदी सरकार ने दिल्ली के लोगों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए दिल्ली सरकार को निर्देशित किया है और टेस्टिंग रेट कम करने या प्राइवेट अस्पतालों की प्राइस कैपिंग जैसे निर्णय लिए हैं तब से दिल्ली के लोगों के बीच डर और भय का माहौल कम हुआ है। दिल्ली के लोग अब खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं क्योंकि उन्हें मोदी सरकार की प्रतिबद्धता पर पूरा विश्वास है।
मनोज तिवारी ने कहा कि यह वर्चुअल रैली की खूबी है कि दूर से भी हम नजदीक हो सकते हैं। लॉकडाउन के दौरान दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने कर्मठता का परिचय देते हुए दिल्ली के लोगों की सेवा की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आह्वान पर दिल्ली भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता दिल्ली के गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन और राशन पहुंचाने में लग गए और अब उन्हें सुरक्षित रखने के लिए काढ़ा, मास्क और सैनिटाइजर का भी वितरण कर रहे हैं। कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनसेवा की अद्भुत मिसाल पेश की है। परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाले ऐसे पार्टी के कार्यकर्ता साधुवाद के पात्र हैं। दिल्ली की केजरीवाल सरकार भले ही दिल्ली के लोगों को हो रही समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में स्वयं माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी ने हस्तक्षेप किया और दिल्ली के स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए। इसी का परिणाम है कि आज दिल्ली के लोग माननीय गृह मंत्री जी का आभार कर रहे हैं और हमें पूर्ण विश्वास है कि हम मिलकर वैश्विक महामारी पर विजय प्राप्त करेंगे।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि मोदी सरकार के पहले कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर हम लगातार जनता के पास गए। अब जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने द्वितीय कार्यकाल का पहला वर्ष पूर्ण हुआ है, तभी हम वर्चुअल रैलियों के माध्यम से जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं और उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों से अवगत करा रहे हैं।

Facebook Comments