गरीब, दलित, पिछड़े और किसानों के मसीहा डॉ. साहिब सिंह वर्मा जी की सादगी की मिसालें आज भी दी जाती हैं: प्रवेश साहिब

नई दिल्ली:  दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री परम पूज्य डॉ. साहिब सिंह वर्मा जी की पुण्यतिथि पर आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता व सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने स्वाभिमान स्थल जाकर हवन किया एवं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत आदेश गुप्ता ने प्रदेश कार्यालय में डॉ. साहिब सिंह वर्मा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, उत्तरी नगर निगम महापौर जयप्रकाश, पूर्व महापौर मास्टर आजाद सिंह सहित प्रदेश, कार्यालय मंत्री गिरीश सचदेवा, जिला व मंडल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

आदेश गुप्ता ने कहा कि डॉ साहिब सिंह वर्मा जी द्वारा दिल्ली देहात की विकास योजना और उनके शासनकाल में हुए दिल्ली के सर्वांगीण विकास कार्यों को हम कभी भूल नहीं सकते हैं। उनके कुशल नेतृत्व और उनके आदर्श हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए गुप्ता ने कहा कि डॉ. साहिब सिंह वर्मा जी हर कार्यकर्ता की नब्ज पहचानते थे। वह बहुत ही मिलनसार थे और जब भी कोई कार्यकर्ता उनके पास मदद के लिए जाता तो वह तुरंत उसकी सहायता करते थे। आज कोई भी मुख्यमंत्री लोगों के बीच नहीं दिखता है लेकिन डॉ साहिब सिंह वर्मा जी ऐसे मुख्यमंत्री थे जो हफ्ते में दो-तीन बार सुबह-सुबह ही दौरे पर निकल जाते थे और लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनते थे। यही कारण है कि वह आज भी दिल्ली के लोगों के मन में रचे-बसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि डॉ साहिब सिंह वर्मा जी के अधूरे कार्यों और दिल्ली के विकास को लेकर जो उनके सपने थे उसे दिल्ली भाजपा जरूर पूरा करेगी।
अपने पिताजी डॉ साहिब सिंह वर्मा जी को याद करते हुए  प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि वह मेरे गुरु भी थे। 1991 के लोकसभा चुनाव में डॉ साहिब सिंह वर्मा जी बाहरी दिल्ली से चुनाव लड़े और जीते भी। उन्होंने पार्टी से हजारों कार्यकर्ताओं को जोड़ा। डॉ. साहिब सिंह वर्मा जी भारतीय राजनीति का वो नाम जिन्हें उनकी सादगी और ईमानदारी के लिए जाना जाता है। गरीब, दलित, पिछड़े और किसानों के मसीहा डॉ. साहिब सिंह वर्मा जी की सादगी की मिसालें आज भी दी जाती हैं। उनका राजनैतिक जीवन मेरे लिए प्रेरणा स्रोत है और उनके दिखाए हुए मार्ग पर चलकर आज मैं भी दिल्ली के लोगों की सेवा कर रहा हूं।

Facebook Comments