संकट काल में नेतृत्व की कीमत पता चलती हैः संजय जायसवाल

पटना: प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा में शब्द कम पड़ जाते हैं, ऐसा कहते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा, संकट के समय ही असल में नेतृत्व की परीक्षा होती है और हम इस मायने में सचमुच भाग्यशाली हैं कि इस वक्त देश की कमान बेहद सुलझे, स्पष्ट नीति वाले और दृढ़ व्यक्तित्व के स्वामी नरेंद्र मोदी के पास है।

कोरोना महामारी के बाद पैदा अभूतपूर्व हालात के दौरान प्रधानमंत्री के छठे संबोधन को ऐतिहासिक बताते हुए जायसवाल ने कहा, कल के संबोधन की सबसे महत्वपूर्ण बात यह थी कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार अब दीवाली और छठ पूजा तकयानि नवंबर महीने के आखिर तक कर दिया गया है। सरकार द्वारा इन महीनों के लिए, 80 करोड़ से ज्यादा गरीब भाई-बहनों को हर महीनेपरिवार के हर सदस्य को किलो गेहूं या चावल मुफ्त मुहैया कराया जाएगा। और साथ ही प्रत्येक परिवार को हर महीने एक किलो चना भी मुफ्त दिया जाएगा। यह प्रधानमंत्री की गरीबों के प्रति सोच और प्रतिबद्धता को दिखाता है’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मोदी को ग्रेट कम्युनिकेटर बताते हुए कहा कि बाद में भोजपुरी और मैथिली के उनके ट्वीट बताते हैं कि बिहार की जनता से उनका कनेक्ट करने का स्तर किस स्तर तक सघन है, किस स्तर तक आत्मिक है। प्रधानमंत्री ने वन नेशन, वन स्टेट की बात करते हुए यह दिखा दिया है कि गरीबों को देश के चाहे किस भी कोने में हों, सहायता मिलेगी और प्रधानंमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है।

श्री जायसवाल ने कहा कि आपातकालीन स्थितियों में आपातकालीन फैसले लिए जाते हैं। संवेदनशीलता के साथ बिल्कुल सही समय पर, त्वरित फैसले लेने का ही नतीज़ा रहा कि एक ओर जहां दुनिया के बड़े से बड़े विकसित देश कोरोना संकट से लाचार और जूझते नज़र आए, वहीं भारत ने अपने दृढ़निश्चयी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बड़ी आसानी से इस संकट का सामना कर लिया।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गरीबों का सम्यक और सर्वसमावेशी कल्याण ही मोदी सरकार का एकमात्र लक्ष्य है और इस दिशा में केंद्र और राज्य सरकार समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।  

Facebook Comments