आदेश गुप्ता ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के साथ की संगठनात्मक बैठक
Date posted: 30 August 2020
नई दिल्ली: प्रदेश कार्यालय में आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता और प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक ली। बैठक में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजकुमार भाटिया, विकेश सेठी, मोहन गोयल, मास्टर विनोद, विनोद बछेती, रामकिशोर शर्मा, राजेश गोयल, प्रशांत शर्मा, देवेन्द्र सोलंकी, बजरंग शुक्ला, सचिन भसीन, विजय सोलंकी, जगमोहन महलावत और रोहताश बिधूड़ी उपस्थित थे।
इस अवसर पर आदेश गुप्ता ने कहा कि हमें “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास“ का मंत्र लेकर संगठन के विस्तार के लिए सतत कार्य योजना का क्रियान्वयन करना है और संगठनात्मक रूप से मजबूती प्रदान करना है। झुग्गी-झोपड़ी, अनाधिकृत कॉलोनियां जो अब अधिकृत हो चुकी है, वहां भी संगठन के विस्तार के लिए काम करना है। साथ ही युवाओं और महिलाओं को भी पार्टी से जोड़कर माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर, समर्थ और सशक्त भारत के सपने को पूरा करने में अपना योगदान देना है।
श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। पानी टैंकर घोटाला, फर्जी कंपनियों से चंदे लेना, राशन घोटाला जैसे कई अन्य घोटालों में दिल्ली सरकार की संलिप्तता के खिलाफ हमें लड़ाई और तेज करनी है और इसे दिल्ली के लोगों के बीच भी लेकर जाना है तभी दिल्ली सरकार का नकाब उतरेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी दिल्ली भाजपा मुहिम चलाएगी और लोगों से इससे जुड़ने की अपील करेगी। जिसके अंतर्गत आने वाले दिनों में दिल्ली भाजपा नशा मुक्ति अभियान चलाने जा रही है।
Facebook Comments