बहराइच में पुरानी सरयू नदी के तट पर घाट एवं श्मशान घाट निर्माण के लिए 01 करोड़ रुपये मंजूर

लखनऊ:  सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में अर्जुन सहायक पुनरीक्षित परियोजना में प्राविधानित धनराशि 101 करोड़ रुपये में से कुल 50 करोड़ रुपये परियोजना के कार्यों पर व्यय हेतु प्रमुख अभियन्ता एवं विभागाध्यक्ष सिंचाई एवंज ल संसाधन विभाग के निवर्तन पर रखी गई है। इस संबंध में जारी शासनादेश में कहा गया है कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल स्वीकृत कार्य पर ही किया जायेगा।
अन्यथा की स्थिति में किसी प्रकार की अनियमितता का समस्त उत्तरदायित्व प्रमुख अभियन्ता एवं विभागाध्यक्ष सिंचाई एवं संबंधित अधिकारी का होगा। इसी प्रकार जसराना नवीन नहर परियोजना के लिए 370.00 लाख रुपये की  धनराशि अवशेष कार्यों पर खर्च करने के लिए जारी की गई है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समय से पूर्ण कराये जाने की जिम्मेदारी मुख्य अभियन्ता को सौंपी गई है।
इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष में जनपद बहराइच में पुरानी सरयू नदी के बिरथाना घाट पर घाट एवं श्मशान घाट के लिए 01 करोड़ रुपये की धनराशि अवशेष कार्यों पर व्यय करने के लिए अवमुक्त की गई है। निर्माण कार्यों को समय से पूरा कराने तथा वित्तीय अनुशासन का पालन करने के लिए कहा गया है।

Facebook Comments