भाजपा ने त्रिलोकपुरी के महर्षि वाल्मीकि की पूजा अर्चना से शुरु किया उपचुनाव अभियान
Date posted: 1 February 2021
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में होने वाले नगर निगम के पांच सीटों पर उपचुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने त्रिलोकपुरी वार्ड के महर्षि वाल्मीकि के मंदिर में पूजा-अर्चना कर चुनाव अभियान की शुरुआत की। आदेश गुप्ता के साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल और प्रदेश उपाध्यक्ष जयवीर राणा भी मौजूद थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने त्रिलोकपुरी और कल्याणपुरी वार्ड के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रणनीति बनाई।
इसके अलावा भाजपा राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी डॉक्टर अलका गुर्जर और प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने शालीमार बाग़ (उत्तरी) में, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने रोहिणी वार्ड-सी में और प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने चौहान बांगड़ वार्ड में जाकर कार्यकर्ताओं से मिलकर होने वाले उपचुनाव के लिए रणनीति बनाई। वहां के अधिकांश स्थानीय निवासियों ने बताया कि उनके क्षेत्रिय विधायक ना तो क्षेत्र में नज़र आते हैं और ना ही उनकी समस्याओं को निपटाने की कोशिश करते हैं। इन क्षेत्रों में पीने का पानी और सिवरेज की भारी समस्या है, वहीं सड़कों और दिल्ली सरकार के स्कूलों की भी हालत खस्ता है। बिजली के बढ़े हुए बिल उनको करंट के समान लग रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार द्वारा नगर निगम का 13,000 करोड़ रुपया नहीं देने के बावजूद निगम ने सबसे बेहतर काम कर रहा है। चाहे सरकारी स्कूलों को बनाना हो या गरीब बच्चों के घर फ्री राशन पहुंचाना हो। दिल्ली की जनता केजरीवाल सरकार के सारे काले कारनामों को जान चुकी है और इस बार के नगर निगम के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली की जनता को धोखा देने और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का सबक अवश्य सिखाएगी।
भाजपा की राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली की सह-प्रभारी डॉक्टर अलका गुर्जर ने कहा कि केजरीवाल सरकार जितना पैसा प्रचार में खर्च करती है, अगर वो पैसा निगम को मिलता तो महिलाओं, बुजुर्गों और गरीबों को समय पर पेंशन मिलती और निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन। इस बार दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी को करार जवाब देने की तैयारी कर चुकी है।
Facebook Comments