कांग्रेस का स्थापना दिवस और युवराज पिकनिक के लिए इटली गये: मंगल पांडेय

पटना:  प्रदेश के स्वास्थ्य एवम पथ निर्माण मंत्री मंगल पांडेय ने  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपना 136 वां स्थापना दिवस मना रही है लेकिन कांग्रेस के युवराज नए साल का जश्न मनाने के लिए इटली चले गए। युवराज का यह पिकनिक पालिटिक्स  दिखाता है कि वे अपनी पार्टी और अपने सियासी करियर के प्रति कितना संजीदा हैं।
पांडेय ने आज यहां कहा कि असल में कांग्रेस के युवराज के लिए राजनीति सेवा का मार्ग कभी रहा ही नहीं। उन्होंने राजनीति को हमेशा पार्ट टाइम वर्क और मनोरंजन का साधन माना। ऐसे लापरवाह और अगंभीर प्रवृत्ति के लोगों को राजनीति के हाशिए पर रखकर देश की जनता ने राष्ट्रहित में बड़ा काम किया है। देश की जनता कुछ राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनाव इन्हें और इनकी पार्टी को अभी और भी सबक सिखाने को बेताब है।

पांडेय ने कहा कि कांग्रेस के युवराज को भारत के लोग पसंद ही नहीं हैं और न ही उन्हें यहां की सभ्यता और संस्कृति रास आती है । ऐसे लोग राष्ट्रहित के बारे में क्या सोचेंगे,  जिनका तन यहां और मन विदेश में सैर करता रहता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस फर्जीवाडा कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश में जुटी है। पहले कृषि कानून पर झूठ बोलकर किसानों को भ्रमित करने का प्रयास किया और अब किसानों के दो करोड़ फर्जी हस्ताक्षर दिखाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। जब कांग्रेस के लोगों से पूछा जा रहा है कि ये हस्ताक्षर इनके और कहां के किसानों के हैं, तो कांग्रेस के लोग गोलमोल जवाब दे रहे हैं।

Facebook Comments