जिलाधिकारी ने महिलाओं की शिकायतों को सुना, संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के दिये निर्देश

नोएडा:  महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में मिशन शक्ति 4.0 अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को पीड़ित महिलाओं, बालिकाओं को न्याय दिलाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सुहास एल.वाई. की अध्यक्षता में हक की बात जिला अधिकारी के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिला अधिकारी ने यौन हिंसा, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, दहेज हिंसा, पारिवारिक विवाद, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना आदि के संबंध में 17 महिलाओं से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना और जिला प्रोबेशन अधिकारी, पुलिस विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जो शिकायतें प्राप्त हो रही हैं उन सभी का निस्तारण समयबद्धता एवं गुणवत्तापरक रूप से करते हुए पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के अंत में जिला अधिकारी ने उपस्थित महिलाओं को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग उनकी समस्याओं का समयबद्धता एवं गुणवत्तापरक रूप से निराकरण कराने का प्रयास करेगा। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने किया। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं एसीपी प्रथम नोएडा अंकिता शर्मा , महिला थाना अध्यक्ष नीरज चौधरी उपस्थित रहीं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में मिशन शक्ति 4.0 अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि महिलाओं की समस्याओं को वरीयता पर रख उनका समाधान किया जाए, ताकि किसी भी महिला को कोई दिक्कत का सामना न करना पडे। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वह अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।

Facebook Comments