दिल्ली भाजपा ने नगर निगमों के बकाया फंड की मांग के लिए किया जनसंपर्क अभियान

नई दिल्ली:  केजरीवाल सरकार से नगर निगमों का 13000 करोड़ रुपए का बकाया फंड की मांग को लेकर आज पूरी दिल्ली में जनसंपर्क अभियान चलाया गया और बकाए फंड से संबंधित जानकारी हेतु पत्रक वितरित किया गया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने वेस्ट पटेल नगर से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की और स्थानीय लोगों के बीच पत्रक वितरित किया। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बदरपुर के मोलड़बंद विस्तार, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने पंडित पंत मार्ग, सांसद रमेश बिधूड़ी ने तुगलकाबाद गांव, सांसद गौतम गंभीर ने त्रिलोकपुरी, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष व विधायक विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी के विनोभा कुंज अपार्टमेंट, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने सफदरजंग डेवलपमेंट एरिया के मिनी मार्केट, ग्रीन पार्क, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने नवीन शाहदरा, रोहताश नगर, प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पांडव नगर के गणेश नगर कंपलेक्स में जनसंपर्क अभियान चलाया और निगम के 13000 करोड़ रुपए संबंधित पत्रक वितरित किया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि तीनों नगर निगम केजरीवाल सरकार से बकाए फंड की मांग अपने खर्च के लिए नहीं कर रहे हैं बल्कि निगम कर्मचारियों को वेतन देने के लिए मांग रहे है। निगम कर्मचारियों ने कोरोना संकट में अपने स्वास्थ्य से ज्यादा दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य की परवाह की और फ्रंटलाइन वारियर के रूप में सफाई व्यवस्था से लेकर चिकित्सा व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखा और कर्तव्यनिष्ठ होकर सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे अरविंद केजरीवाल की निगम कर्मचारियों के प्रति संवेदनहीनता अशोभनीय है। केजरीवाल सरकार ने निगम कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को कभी नहीं सराहा, और उनके साथ हमेशा से सौतेला रवैया अपनाया है। अब राजनीतिक द्वेष की आड़ में केजरीवाल सरकार निगमों का बकाया फंड रोक कर बैठी है जिसके कारण निगम कर्मचारी महीनों से वेतन से वंचित हैं।
आदेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा का संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक दिल्ली सरकार निगमों का पैसा जारी नहीं करेगी और निगम के लाखों मेहनती कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल जाता। प्रमुखता के साथ भाजपा कार्यकर्ता निगम के बकाए फंड की मांग के लिए जन आंदोलन चला रहे हैं और पत्रक के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता दिल्लीवासियों को निगम के बकाए फंड संबंधित जानकारी देकर उन्हें मुख्यमंत्री केजरीवाल के झूठ और नाकामियों से अवगत करा रहे हैं। हमें दिल्लीवासियों का भी पूरा समर्थन मिल रहा है। निगम कर्मचारियों के वेतन के लिए हम केजरीवाल सरकार से निगम का बकाया फंड लेकर रहेंगे।
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल जनता की टैक्स की गाढ़ी कमाई का पैसा पानी की तरह अपनी प्रचार-प्रसार में बहा रहे हैं लेकिन तीनों नगर निगमों के स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों, सफाईकर्मियों, मलेरिया विभाग, उद्यान विभाग के कर्मचारियों के वेतन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन व बच्चों को दिए जाने वाले मिड डे मील के लिए निगमों का बकाया फंड जारी करने में उन्हें दिक्कत है।
प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने निगम का फंड रोककर दिल्ली के विकास कार्यों को बाधित करने का कार्य किया है, जिसके कारण आगे चलकर दिल्लीवासियों को कई समस्याएं हो सकती हैं। केजरीवाल सरकार के गैरजिम्मेदराना रवैए के कारण दिल्लीवासियों को प्रतिदिन मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं भी ठप हो गई है लेकिन मुख्यमंत्री केजरीवाल को फर्क नहीं पड़ रहा है। ऊपर से निगमों के संवैधानिक रूप से आवंटित फंड में कटौती करते-करते 13000 करोड़ रुपए का बकाया फंड रोक दिया।
सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि राज्य सरकारों का कार्य स्थानीय इकाइयों को मजबूत करना होता है, जबकि केजरीवाल सरकार नगर निगम का 13000 करोड़ रुपए डकार कर उसे पंगु बनाना चाह रही है। केजरीवाल सरकार की इस मक्कारी के कारण दिल्ली के लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी कमियों को छुपाने के लिए अब आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं।
सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि समय-समय पर रंग बदलने वाले मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सत्ता में आते ही दिल्ली वासियों के लिए कार्य करने की बजाय जमीनी स्तर पर काम कर रहे भाजपा शासित निगमों को कमजोर बनाने के लिए कार्य किया। मुख्यमंत्री केजरीवाल अपने प्रचार-प्रसार में कोई कमी नहीं रखते हैं लेकिन दिल्ली वासियों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने वाले निगम कर्मचारियों का वेतन महीनों से नहीं दिया है जिसके कारण आज वह सड़क पर हैं।
इस अवसर पर प्रदेश, जिला व मंडल के पदाधिकारियों ने पत्रक बांटकर जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लिया।

Facebook Comments