बिहार भाजपा ने जिलावार नियुक्त किए प्रभारी, जिला महामंत्री भी बनाए
Date posted: 27 January 2021
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों की समीक्षा के बाद अब राजनीतिक दल संगठन को और मजबूत करने की कवायद में जुट गए हैं। इसको लेकर राजनीतिक दलों ने फेरबदल प्रारंभ कर दिए है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सभी जिलों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। भाजपा ने जिलों के लिए प्रभारी पदाधिकारी और प्रभारी महामंत्री तय कर उन्हें संगठन की मजबूती के लिए जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल द्वारा जारी पत्र के मुताबिक पटना जिले के दीघा विधानसभा क्षेत्र से विधायक संजीव चौरसिया को पटना जिले के साथ ही गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर (आरा), बक्सर, रोहतास (सासाराम) और कैमूर (भभुआ) जिले का प्रभारी महामंत्री बनाया गया है।
पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस क्षेत्र में सबसे कमजोर प्रदर्शन किया था, जबकि भाजपा का यह क्षेत्र गढ़ माना जाता रहा है।
इधर, पूर्व सांसद जनक चमार को तिरहुत, चंपारण और सारण प्रमंडल के जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। देवेश कुमार को दरभंगा, मधुबनी, झंझारपुर, बेगूसराय, समस्तीपुर, खगड़िया, सुपौल, सहरसा तथा मधेपुरा जिले की जिम्मेदारी दी गई है। सुशील चौधरी को भागलपुर, मुंगेर, नालंदा और सीमांचल क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। इन नेताओं को प्रभारी महामंत्री बनाया गया है।
इनके अलावा प्रभारी पदाधिकारी के रूप में भी जिलावार जिम्मेदारी तय की गई है।
इधर, जायसवाल ने अजय निषाद को ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी बनाया है। इसी तरह नीतीश मिश्रा को युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और किसान मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। राजेंद्र गुप्ता को प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
Facebook Comments