भाजपा ने राजा नाहर सिंह जी के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धांजली अर्पित की
Date posted: 10 January 2021
नई दिल्ली: अंग्रेजी शासन के विरुद्ध 1857 युद्ध के प्रमुख योद्धा राजा नाहर सिंह जी के शहीदी दिवस पर आज भाजपा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर. पी. सिंह ने चांदनी चौक स्थित राजा नाहर सिंह जी के शहीदी स्थल पर लगी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजली अर्पित की। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष जयवीर राणा, किसान मोर्चा अध्यक्ष विनोद सहरावत, प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर, निगम पार्षद रविन्द्र कुमार एवं योगेन्द्र डबास उपस्थित थे। बड़ी संख्या में जाट समाज के लोगों के साथ स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी एकत्र हुऐ जिनमें प्रमुख सर्वश्री हरपाल सिंह राणा, नरेश चौधरी, संजीव लाकड़ा, राजपाल राणा एवं अशोक शर्मा गुड्डन रहे।
अपने संबोधन में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों में प्रमुख राजा नाहर सिंह का 1857 के पहले स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय योगदान रहा और युद्ध में पराजय के बाद भी राजा नाहर सिंह जी वर्तमान दिल्ली, हरियाणा एवं राजस्थान में फैले जाट समाज के साथ ही सभी भारतीयों के प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को चांदनी चौक में चल रहे सौन्दर्यीकरण कार्य के साथ राजा नाहर सिंह जी के शहीदी स्थल का भी सौन्दर्यीकरण करने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर. पी. सिंह ने कहा कि शहर का सौंदर्यीकरण केवल पत्थर लगाने से नही होता, अपितु शहर की आत्मा को जीवंत रखना पड़ता है और उस के लिए शहर का गौरवशाली इतिहास समाज तक पहुंचाना पड़ता है। मुख्यमंत्री केजरीवाल को शहीद राजा नाहर सिंह जी का सुंदर स्मारक बनवा कर चांदनी चौक के इतिहास को परिलक्षित करना चाहिए।
Facebook Comments