मोदी सरकार ने देश और दिल्ली की जनता को दिया तोहफा: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता एवं नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में आज प्रदेश भाजपा ने केजरीवाल सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के दाम कम न करने के विरोध में मुख्यमंत्री आवास पर विशाल धरना प्रदर्शन किया। आदेश गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने राजस्व में कटौती करके देश और दिल्ली की जनता को तोहफा देते हुए सस्ता पेट्रोल-डीजल देने का काम किया है लेकिन केजरीवाल सरकार अभी भी सोई हुई है। वह अभी भी अपनी तुगलकी और निरंकुश शासन से बाहर नहीं निकल पा रही है।

आदेश गुप्ता ने कहा कि पिछले 2 सालों से देश बड़े आर्थिक संकट से गुजर रहा है। राजस्व में कमी के साथ-साथ कोरोना से लड़ने के लिए मुफ्त टीका, मुफ्त इलाज़ और मुफ्त राशन देने का काम केंद्र की मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि क्या केजरीवाल और कांग्रेस शासित राज्यों की सरकारों को वहां की जनता की समस्या नहीं देखी जाती या फिर वह देखना नहीं चाहते। अरविंद केजरीवाल के कारण आज दिल्ली की जनता बढ़े हुए दामों पर पेट्रोल-डीजल लेने को मजबूर हैं, भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता दिल्ली की जनता के साथ हमेशा संघर्ष करने के लिए तैयार हैं। जब तक पेट्रोल-डीजल के दामों पर वैट की कमी की घोषणा केजरीवाल सरकार नहीं कर देती तब तक आम जनता के हित में हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
श्री गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल की दोहरी नीति को उजागर करते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार की कामों की बात आती है तो केजरीवाल कुछ और कहते हैं और अपने खि़लाफ़ कुछ भी सुनना पसंद नहीं करते। उन्होंने कहा कि छठ पूजा न करवाने के पक्ष में होने से उनका हिन्दू विरोधी चेहरा सबके सामने आ चुका है, लेकिन प्रदेश भाजपा ने  हमेशा पूर्वांचलियों की आवाज बनकर उनके संघर्ष में साथ दिया और केजरीवाल को मजबूर किया कि वह छठ पूजा के बैन करने का अपने आदेश को वापस लें।
रामवीर सिंह बिधूड़ी ने केजरीवाल सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर वैट कम न करने पर कहा कि केजरीवाल सरकार एक असंवेदनशील सरकार है जिसे दिल्ली की जनता का दर्द नहीं देखा जाता। राजनीति विस्तार में मशगूल केजरीवाल सरकार उन छोटे-छोटे मुद्दों पर जिनका दिल्ली से कोई मतलब नहीं, पंजाब में पार्टी विस्तार के लिए वह एक दिन का सत्र बुला लेते हैं लेकिन दिल्ली के किसानों के बारे में कोई चर्चा नहीं करते।
बिधूड़ी ने कहा कि 2018 में भी केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती करके जनता को राहत दी थी और तब पेट्रोल-डीजल पांच रुपए प्रति लीटर सस्ता हो गया था। केंद्र के कहने पर राज्यों ने भी जनता को राहत पहुंचाई थी लेकिन मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था और दिल्ली को कोई राहत नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पेट्रोल-डीजल पर सबसे ज्यादा वैट लगाया जाता है। दूसरे राज्यों की तुलना में अभी भी दिल्ली में सबसे ज्यादा वैट है। इसलिए दिल्ली सरकार को तो पहले ही वैट में कटौती करके जनता को राहत देनी चाहिए थी। अब केंद्र द्वारा एक्साइज ड्यूटी कम करने के बाद तो दिल्ली सरकार पर नैतिक जिम्मेदारी भी आ जाती है कि वह पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती करें।
आज विरोध प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा एवं राजन तिवारी, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल सहित प्रदेश, जिला एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ पदाधिकरियों सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Facebook Comments