हम भाग्यशाली हैं कि हमारे समय में श्री राम मंदिर का निर्माण हो रहा है: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली:  विश्व हिंदू परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण केवल एक ओर पूजा स्थल बनाना नहीं है, बल्कि विश्व को यह संदेश देना है कि आने वाले समय में भारत विश्वगुरु बनकर उभरेगा। उन्होंने ये बाते पटेल नगर में श्री राम जन्मभूमि समर्पण निधि एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह में कही। समारोह में कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, सांसद हंसराज हंस, दिल्ली प्रान्त के संघचालक कुलभूषण अहूजा, दिल्ली प्रांत के कार्यकारिणी सदस्य दयानंद, करोग बाग के जिला अध्यक्ष राजेश गोयल, जिला महामंत्री डी. तिवारी सहित प्रदेश, जिला एवं मंडल के पदाधिकारी मौजूद थे।

आलोक कुमार ने कहा कि राम मंदिर विश्व भर में वैभव सम्पन्न उस भारत की छवि को उजागर करेगा जिसमें समरस समाज हो और बिना किसी भेदभाव के सारा देश और समाज एकजुट होकर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण 492 वर्षों बाद हो रहा है जिसमें देश के गरीब के गरीब व्यक्ति ने भी अपनी कमाई से अंशदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह शताब्दी हिंदू और उस भारत की है जहां वास्तव में रामराज लाने के लिए सभी प्रयासरत है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में भव्य बने, ये सिर्फ हमारा ही नहीं बल्कि हमारे पूर्वज भी यही चाहते थे कि भगवान राम का मंदिर अयोध्या में भव्य बने, लेकिन संघर्ष करते-करते कई पीढ़ियां बीत गई। हम खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि आज हमारे समय में श्री राम मंदिर निर्माण कार्य पूरा हो रहा है। राम का नाम लेते ही सभी दुख दूर हो जाते हैं। आज भारत ही नहीं विश्व के अनेक देशों चाहे इंडोनेशिया, मलेशिया, पाकिस्तान या रुस  में भी भगवान राम का नाम लिया जाता है। जनचेतना के प्रतीक भगवान राम है। आज 492 साल का संघर्ष पूरा हो रहा है।

Facebook Comments