आम आदमी पार्टी पिछले 5 सालों से प्रदर्शन कर सिर्फ नौटंकी करती आ रही है: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली:  पेट्रोल व डीजल की कीमतों को लेकर दिल्ली में आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए प्रदर्शन पर दिल्ली भाजपा ने पलटवार किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई हैं, जिससे कोरोना के खिलाफ दिल्ली वालों की लड़ाई कमजोर पड़ सकती है। इसके साथ ही श्री गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी सिर्फ दिल्ली वालों को गुमराह करने के लिए प्रदर्शन करने का नाटक कर रही है, ताकि उनकी सरकार के सवाल न पूछे जाएं। दिल्ली में पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमतों की वजह खुद दिल्ली सरकार है। दिल्ली सरकार द्वारा वैट टैक्स बढ़ाने की वजह से दिल्ली में पेट्रोल व डीजल की कीमत आसमान छू रही हैं।

श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से लॉकडाउन के दौरान ही पेट्रोल व डीजल पर वैट को काफी बढ़ा दिया गया। पेट्रोल पर वैट 27 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया गया। इसी तरह डीजल पर भी वैट 16.75 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत किया गया। उन्होंने कहा कि देखा जाए तो दिल्ली सरकार ने डीजल पर वैट दोगुना कर दिया गया है। यही वजह है कि पूरे देश में दिल्ली पहला ऐसा राज्य बन गया जहां डीजल की कीमत पेट्रोल से ज्यादा हो गई।
श्री गुप्ता ने कहा कि कोलकाता में डीजल 75.64, मुंबई में 78.83 और चैन्नई में 77.72 रुपए है। सभी इन राज्यों में जब केंद्र सरकार द्वारा लगाए जाने वाली एक्साइज ड्यूटी एक सामान है तो दिल्ली में डीजल के रेट भला इतना ज्यादा क्यों हैं। इससे साफ है कि दिल्ली सरकार द्वारा जो वैट टैक्स बढ़ाया गया है वह पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमतों की असली वजह है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए इस तरह के प्रदर्शन का दिखावा पिछले 5 सालों से करती आ रही है, लेकिन इस तरह के प्रदर्शन से आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता के सवालों से बच नहीं सकती।

Facebook Comments