आदेश गुप्ता ने पहले विरोध पोस्टकार्ड पर हस्ताक्षर कर जन अभियान की शुरुआत की

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज एक पत्रकार सम्मेलन में घोषणा की है कि दिल्ली भाजपा अरविंद केजरीवाल सरकार की जन विरोधी भ्रष्टाचार में लिप्त नई आबकारी नीति के विरोध में जन अभियान चलाएगी। भाजपा नशाबंदी के विरोध में सोशल मीडिया पर एक प्रतियोगिता करेगी जिसमें सबसे बेहतरीन आने वाली वीडियो को एक लाख रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करेगी।

पत्रकार सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष  अशोक गोयल देवराहा, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार, प्रदेश भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी विनीत गोयंका और प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष योगिता सिंह उपस्थित थीं।
आदेश गुप्ता ने कहा है कि हमने प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती योगिता सिंह की एक टीम गठित की और इस टीम के संचालन में यह जन अभियान चलेगा जिसमें अधिकाधिक आम नागरिकों खासकर महिलाओं एवं आर.डब्लू.ए. को जोड़ने का प्रयास होगा।
आदेश गुप्ता ने दो सप्ताह के विरोध कार्यक्रमों की घोषणा कर कहा कि हम मई अंत तक नई शराब आबकारी नीति के विरोध को दिल्ली के हर कोने में लेकर जाएंगे। खासकर सेवा बस्तियों में एवं अन्य निम्न आय वर्ग की कॉलोनियों में लेकर जायेंगे। यह जन अभियान मुख्यतः 10 अप्रैल से 27 अप्रैल 2021 तक चलेगा और इससे जुड़े कार्यक्रम मई के अंत तक चलेंगे।
श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि इस लोक जन अभियान की शुरूआत हम नई आबकारी नीति के विरूद्ध हस्ताक्षर अभियान से करेंगे जिसमें लोगों को मुख्यमंत्री को इसके विरूद्ध पोस्टकार्ड डालने को प्रेरित करेंगे। ऐसे एक लाख पोस्टकार्ड मुख्यमंत्री को भेजने की योजना है।
इस पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत करते हुए आदेश गुप्ता ने मीडिया के समक्ष पहले विरोध पोस्टकार्ड पर हस्ताक्षर किए। इसके अतिरिक्त आम लोगों के शराब विरोधी वीडियो बाईट बना कर सोशल मीडिया में डाले जायेंगे। सोमवार 12 अप्रैल को महिला मोर्चा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास पर नई शराब आबकारी नीति की प्रतियां जलायेंगी।
मंगलवार, 13 अप्रैल को दिल्ली के 70 बड़े पार्कों में शराब नीति विरोधी कार्यक्रम चलाया जाएगा। जन अभियान को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वयं ढींगरा पार्क, पंजाबी बाग में प्रारम्भ करेंगे। यह कार्यक्रम 13 अप्रैल से 22 मई तक चलेंगे। 15 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जयंती के उपरांत पूरे 70 विधानसभा क्षेत्रों के सेवा बस्तियों में जन अभियान चलाया जाएगा।
शुक्रवार, 16 अप्रैल को अरविंद केजरीवाल सरकार के सभी मंत्रियों के निवास पर दिल्ली भाजपा के सभी मोर्चों के कार्यकर्ताओं द्वारा नई आबकारी नीति की प्रतियां जलायेंगे। ऐसे अभियान एक माह तक सत्ताधारी दल के विधायकों के विरूद्ध भी चलाये जायेंगे।
बुधवार, 21 अप्रैल को रामनवमी के दिन दिल्ली के सभी 13750 बूथों पर पार्टी कार्यकर्ता नई शराब नीति के विरूद्ध लोक हस्ताक्षर अभियान चलायेंगे। सोमवार 26 अप्रैल को दिल्ली देहात में किसानों के बीच नई शराब नीति के विरूद्ध लोक अभियान चलाया जायेगा। मंगलवार 27 अप्रैल को हनुमान जयंती के दिन कनाट प्लेस के प्राचीन हनुमान मन्दिर पर अरविन्द केजरीवाल सरकार को इस नई शराब आबकारी नीति को वापस लेने की सद्बुद्धि आने की कामना के साथ भव्य महा आरती की जायेगी। श्री आदेश गुप्ता ने घोषणा की कि दिल्ली भाजपा हर सम्भव कदम उठा कर इस भ्रष्टाचार में लिप्त जन विरोधी नई शराब आबकारी नीति को लागू होने से रोकेगी।

Facebook Comments