आदेश गुप्ता ने नमो ऐप अभियान की शुरुआत की
Date posted: 11 July 2021
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज जन-जन तक पहुंचाने के लिए नमो ऐप अभियान की शुरुआत की। इस अभियान की शुरुआत करते हुए गुप्ता ने कहा कि इससे जन-जन तक सरकार की बातों को सही ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस ऐप के माध्यम से लोग अब अपनी सीधी बात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक पहुंचा सकेंगे। इस अभियान के पहले चरण में इस ऐप को 10 लाख लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि यह एक आसान और सुगम ऐप है जिसके माध्यम से लोगों को मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी। इस ऐप के माध्यम से लोग अपनी शिकायत भी विभिन्न विभागों और प्रधानमंत्री तक पहुंचा सकेंगे। ऐप का एकमात्र उद्देश्य सरकार का लोगों से सीधे तौर पर जुड़कर उनकी समस्याएं और बातों को समझना है, ताकि आसानी से जनता की समस्याओं का समाधान किया जा सके। आज प्रदेश कार्यालय में शुरु हुए नमो ऐप अभियान के मौके पर प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल एवं प्रदेश आईटी प्रमुख पुनीत अग्रवाल उपस्थित थे।
गुप्ता ने कहा कि कई ऐसे लोग हैं जिनके पास केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी सीधे नहीं पहुंच पाती। लोग किसी और से या सोशल मीडिया से जानकारी लेते हैं तो उन्हें गलत या भ्रमित करने वाली जानकारी मिलती है। इस बात का खासा ध्यान रखा गया है कि हर एक जन तक केंद्र सरकार की लाभकारी योजनाओं की सभी जानकारी समय पर पहुंचे और लोग अधिक से अधिक उन योजनाओं का लाभ उठा सके।
Facebook Comments