दिल्ली को केजरीवाल सरकार के निरंकुश शासन से मुक्ति दिलाने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना है: हंसराज हंस
Date posted: 1 June 2019

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष व उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद हंसराज हंस ने आज निलोठी एवं अलीपुर में कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को सम्बोधित किया। उत्तर-पश्चिमी संसदीय क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ताओं के भारी जनसैलाब ने अपने अध्यक्ष व सांसद का फूलों की वर्षा से किया स्वागत। इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नीलदमन खत्री, मनोज शौकीन, प्रदेश पदाधिकारी, भाजपा वरिष्ठ के नेता, जिला पदाधिकारी, निगम पार्षद, मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुये दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 के ऐतिहासिक चुनाव में आप सभी के कठिन परिश्रम व दिन रात काम करने की बदौलत हम दिल्ली की सातों सीटों पर कमल खिलाने में कामयाब हो पाये। आप सभी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते मैं यह कहना चाहता हूँ कि देश को सही दिशा में ले जाने में आपका योगदान बहुत बड़ा है। कार्यकर्ताओं की कड़ी तपस्या का परिणाम यह है कि आज देश में एक ऐसी सरकार है जिसने पहले ही दिन ऐसे निर्णय लिये जिसने जय जवान जय किसान के नारे को एक बार और चरितार्थ कर दिया है। मोदी सरकार ने जवानों के बच्चों की छात्रवृत्ति को बढ़ाया तो उसके साथ ही देश के अन्नदाता किसान के लिए पेंशन का प्रवाधान किया है। संकल्प पत्र में किये गये वादों में व्यापारियों को पेंशन देने की बात कही गयी थी उसी ओर कदम बढ़ाते हुये केन्द्र सरकार ने 60 वर्ष के बाद छोटे व्यापारियों को पेंशन देने का वादा भी पूरा किया है।
तिवारी ने कहा कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की जनता ने देश की सत्ता में फिर एक बार मोदी सरकार लाने के लिए अपना प्यार व अपार समर्थन दिया जिसके लिए मैं यहां की जनता का कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूँ। भारत को विश्व पटल पर प्रतिनिधित्व करने से अब कोई नहीं रोक सकता है क्योंकि देश के 130 करोड़ लोगों के विश्वास का प्रतीक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी है। देश सकारात्मक विचारों के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है। जिस प्रकार हम सभी ने मिलकर लोकसभा चुनाव में सकारात्मकता के साथ विजय पताका लहरायी है ठीक उसी प्रकार दिल्ली विधानसभा चुनाव में दिल्ली की सत्ता में बैठी अराजक केजरीवाल सरकार को दिल्ली की सत्ता से उखाड़ फेकनें के लिए हमें काम करना है। केजरीवाल सरकार के झूठ को दिल्ली के लोग समझ चुके है और अब हमें लोगों को समझाना है कि केन्द्र में भाजपा की सरकार है और दिल्ली में भी भाजपा की सरकार बनानी है तभी दिल्ली के सभी काम सुचारू रूप से हो पायेंगे।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और उनकी मेहनत और प्रयासों के कारण ही दिल्ली में ऐतिहासिक विजय दोबारा सफल हो पाई है। दिल्ली में छह महीने बाद विधानसभा चुनाव है और दिल्ली के लोगों के बीच जाकर हमें आम आदमी पार्टी की असफलताओं को गिनाने का काम करना है। नाकाम केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के लोगों से किये एक भी चुनावी वादे को पूरा नहीं किया है और दिल्ली की जनता की सिर्फ एक ही आवाज है बस अब और नहीं चाहिए दिल्ली में केजरीवाल।
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद हंसराज हंस ने कहा कि दिल्ली के दिल में मोदी जी बसते हैं और दिल्ली के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कामों पर मुहर लगाकर उन्हें पुनः प्रधानमंत्री चुना है। मैं आप सभी कार्यकर्ताओं के जोश से काफी प्रभावित हुआ हूँ और चुनाव में आपके अपार समर्थन और प्यार के लिए आपका कोटि कोटि धन्यवाद करता हूँ। देश में जहां एक ओर राष्ट्रवादी विचारधारा वाले व भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए काम करने वाले मोदी जी है तो दूसरी ओर दिल्ली में बैठा केजरीवाल है जो देश के टुकड़े-टुकड़े चाहने वालों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। दिल्ली की सरकार ने दिल्ली को बेहाल कर दिया है प्रदूषण में दिल्ली को नम्बर एक बना दिया। अब वक्त आ गया है, दिल्ली को केजरीवाल सरकार के निरंकुश शासन से मुक्ति दिलाने के लिए हम सभी को मिलकर सम्पूर्ण उर्जा के साथ क्षेत्र में काम करना है।
Facebook Comments