भाजपा उत्तर प्रदेश के नवनिर्मित जिला कार्यालयों का अमित शाह ने किया उद्घाटन

लखनऊ 06 फरवरी 2019, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित भाई शाह ने आज बुलंदशहर में पार्टी के जिला कार्यालय के साथ साथ प्रदेश के अन्य जिलों में नवनिर्मित पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने रिकॉर्ड समय में बनाए गए इन सभी कार्यालयों के निर्माण के लिए पार्टी के प्रदेश व जिला इकाईयों को बधाई भी दी। पार्टी कार्यालयों के उद्घाटन के समारोह में श्री शाह के साथ लोकसभा चुनाव के प्रभारी व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ नेता व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं वह आम जनमानस को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित भाई शाह ने कहा कि 1982 में पार्टी के बूथ अध्यक्ष के रूप में काम करते-करते आज मैं विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष हूं वहीं एक गरीब परिवार में जन्मे चाय बेचने वाले साधारण से परिवार के माननीय नरेंद्र मोदी जी विश्व की सबसे बडे लोकतांत्रिक देश के प्रधानमंत्री के रूप में भारत का गौरव विश्व में बढ़ा रहे हैं। 

श्री शाह ने कहा कि भाजपा के जैसा लोकतंत्र किसी भी राजनीतिक दल में नहीं है। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में पहले से पता होता है कि सोनिया गांधी के बाद पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा। उन्होंने कहा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सबका साथ-सबका विकास की नीति पर चलते हुए देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि कहा कि राहुल गांधी आज हमसे हिसाब मांग रहे हैं। पहले वह बताएं चार पीढ़ियों तक देश की शासन सत्ता पर काबिल रहने वाले आप लोगों ने देश के गरीबों वंचितों के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 129 से भी अधिक लोक कल्याणकारी योजनाएं लाकर देश के आम जनमानस के कल्याण के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा आजादी के बाद पहली बार माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 6 करोड़ लोगों को शौचालय उपलब्ध कराए गए, उज्जवला योजना के माध्यम से रसोई गैस, 2 करोड़ लोगों को घर, बिजली, युवाओं को मुद्रा लोन सहित अनगिनत योजनाएं लागू कर आम जनमानस के जीवन को बेहतर बनाने का काम केंद्र की सरकार ने किया है।
श्री शाह ने कहा कि मोदी जी के सत्ता में आने के बाद से आतंकियों के हौसले पस्त हो गए। देश में धमाके बंद हो गए, उड़ी में हमारे सैनिक कैम्प पर हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जवाबी कार्रवाई का आदेश दिया। और हमारे वीर जवानों ने ऐसा सर्जिकल स्ट्राइक किया कि दुश्मनों के छक्के छूट गए। श्री शाह ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को लेकर सपा-बसपा और कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा बसपा और कांग्रेस देश की जनता को बताएं की वे राम मंदिर निर्माण के पक्ष में है कि नहीं। उन्होंने कहा भाजपा राम मंदिर जल्द से जल्द बनवाना चाहती है इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार ने 1993 में अधिग्रहित भूमि वापस करने का फैसला किया और सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा पेश किया। क्या कांग्रेस सहित अन्य पार्टियां इस मामले में अपना स्टैंड स्पष्ट करेंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने केंद्र सरकार द्वारा पेश बजट की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह बजट किसानों और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए बहुत ही खुशियां लेकर आया है। मा. मोदी जी ने गरीब और सीमांत किसानों को सालाना 6 हजार रूपये नगद देने की घोषणा की है। 5 लाख तक सालाना आय वालों को अब इनकम टैक्स नहीं भरना पड़ेगा। छोटे व्यापारियों को भी राहत देते हुए केंद्र सरकार 40 लाख रूपये तक के टर्नओवर वाले व्यापारियों को जीएसटी से बाहर रखकर उनको भी बहुत बड़ी राहत देने का कार्य किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने प्रदेश की योगी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल में राज्य में एक भी दंगा नहीं हुआ दंगाई राज्य छोड़कर भाग गए, अपराधी डरे हुए हैं, जो लोग पलायन के जिम्मेदार थे वे  खुद ही राज्य से पलायन कर गए हैं। उन्होंने कहा प्रदेश में किसानों को उनकी उपज का मूल्य समय से मिल रहा है गन्ना किसानों को भी 50 हजार  करोड़ से ज्यादा का भुगतान योगी सरकार ने किया है। श्री शाह ने कहा जातिवाद और परिवारवाद से त्रस्त उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने शांति का राज स्थापित किया है।
उन्होंने कहा चाहे जितने गठबंधन बन जायें सारे दल एक हो जायें फिर भी हम जनता के समर्थन से अभूतपूर्व विजय को हासिल करके प्रचण्ड बहुमत से माननीय नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में फिर से केन्द्र में सरकार बनाएगें।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मूल्य और सिद्धांतों पर आधारित पार्टी है बिना किसी भेदभाव के शासन की योजना देश के कोने कोने तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि भारत का मान विश्व में बढ़ा है भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के मूल्यों और आदर्शों के साथ साथ आमजन की भी सुनवाई हो इसलिए कार्यालयों का निर्माण  हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह घर भोज का कार्यक्रम है आज से ही यह कार्यक्रम प्रारंभ हुआ है। उन्होंने कहा यह  कार्यालय 2019 के इस धर्म युद्ध में भाजपा को 74 प्लस के लक्ष्य को पूरा करने में सहायता करेगें ।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने जिला कार्यालयों के उद्घाटन पर प्रशन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित भाई शाह जी द्वारा इन कार्यालयों का उद्घाटन हो रहा है। उन्होंन कहा कि आगामी लोकसभा के चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी कार्यालयों से प्रतिदिन होने वाली संगठनात्मक गतिविधियां पार्टी के विजय अभियान को गति प्रदान करेगी। डॉ. पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ 74 प्लस के लक्ष्य को लेकर दिन-रात कार्य कर रहे है।
इसके पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव के प्रभारी व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पाण्डेय के साथ हवन पूजन कर पूरे विधिविधान के साथ पार्टी के नवनिर्मित कार्यालयों का उद्घाटन किया।

Facebook Comments