एनसीसी की पहुंच को अधिक छात्रों और कैडेटों तक पहुंचाएगा ऐपः मंगल पांडेय

पटना:  डिजिटल इंडिया मिशन को ध्यान में रखते हुए राजधानी के अधिवेशन भवन में एनसीसी निदेशालय बिहार और झारखंड द्वारा सोमवार को ऑनलाइन एनसीसी इवेंट एंड ट्रेनिंग शेड्यूल ऐप लॉन्च किया गया। इसका विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। मंत्री पांडेय ने एनसीसी निदेशालय बिहार और झारखंड को ऐप लॉन्च करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह ऐप एनसीसी की पहुंच को अधिक छात्रों और कैडेटों तक पहुंचाएगा।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस ऐप को बिहार राज्य की एक टीम ने अपनी धरती पर विकसित किया है। मंत्री ने 1965 के भारत-पाक युद्ध में एनसीसी कैडेटों के योगदान को याद किया और साथ ही राज्य में कोविड -19 महामारी के दौरान उनकी हाल की जागरूकता और सहायता गतिविधियों द्वारा समाज में आत्मविश्वास पैदा किया। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप रिकॉर्ड समय में सीमावर्ती क्षेत्रों को पूरा करने में एनसीसी डीटीटी के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड-19 के दौरान एनसीसी द्वारा किए गए कार्य न सिर्फ प्रशसंनीय ही नहीं, बल्कि देश एवं समाज के लिए आदर्श प्रस्तुत किया।

शिक्षा मंत्री चौधरी ने इस पहल की सराहना की और कहा कि उनका मंत्रालय एनसीसी को राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में च्वाइस बेस्ड क्रेडिट कोर्स के रूप में शामिल करने के लिए पूरा सहयोग देगा। उन्होंने एनसीसी में शामिल होने के लिए और अधिक लड़कियों का आह्वान किया क्योंकि बिहार पहले से ही महिला सशक्तीकरण में अग्रणी है और बिहार पुलिस में उनकी सर्वोच्च भागीदारी है। इस अवसर पर मेजर जनरल एम इंद्रबालन, शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के प्रधान सचिव रवि मनुभाई परमार, सचिव सूचना प्रौद्योगिकी संतोष कुमार मल्ल, निदेशक खेल श्री संजय सिन्हा एवं ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार ने बिहार में एनसीसी की गतिविधियों और एनसीसी कैडेटों द्वारा राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की विभिन्न उपलब्धियों और गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

Facebook Comments