बूथ स्तर पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जनता को जागरूक करे: स्वतंत्र देव

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षोें की वर्चुअल बैठक आज शुक्रवार को संपन्न हुई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की मौजूदगी में हुई बैठक में पार्टी द्वारा चलाये जा रहे सेवा ही संगठन अभियान 2.0 के अंतर्गत किये जा रहे सेवा कार्र्यो की समीक्षा हुई।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक में कहा कि पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सैनिटाइजेशन और कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जनता को जागरूक करने का कार्य करे। साथ ही आवश्यकतानुसार लोगों को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्यकर्ता कार्य करे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता छोटे-छोटे समूहों में कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए सेवा कार्य जारी रखे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि कोरोना संकट की इस विषम परिस्थिति से जूझ रहे लोगों की हर संभव मदद एवं सहयोग में वे अपनी भूमिका का निर्वाहन करे।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने प्रदेश में चलाये जा रहे सेवा अभियान की चर्चा करते हुए पार्टी पदाधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की वैश्विक आपदा से पीड़ित लोगों की सहायता के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को योजनापूर्वक कार्य करना चाहिए। जरूरतमंदों को मेडिकल किट व अन्य सहायता भी उपलब्ध कराये। श्री बंसल ने कहा कि कार्यकर्ता जनता को कोविड-19 संक्रमण के बचाव के लिए माक्स, माक्स के उपयोग और दो गज की दूरी के शत प्रतिशत पालन करने के लिए प्रेरित करे।

वर्चुअल बैठक में पार्टी के प्रदेश पदधिकारी, क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष सम्मलित हुए।

Facebook Comments