बाइसकिल 2022 में 22 से भी कम पर सिमट जायेगी: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस की बी-टीम रही सपा-बसपा ने अपनी-अपनी सत्ता शाासन में प्रदेश को जमकर लूटा। उत्तर प्रदेश के विकास मंे बाधक रहे इन दलों को जनता ने सत्ता से बेदखल कर दिया है। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश को खुशहाल रखना है तथा तुष्टीकरण, परिवारवाद, भ्रष्टाचार, अपराध व जातिवाद से मुक्त रखना है तो सपा-बसपा व कांग्रेस को अब कभी पनपना नहीं चाहिए। सिंह ने जिला गाजीपुर के ग्राम गहमर में ग्राम चैपाल में पंचायत चुनाव में विजय शंखनाद करते हुए कहा कि परिवारवाद, जातिवाद तथा तुष्टीकरण को देश की जनता बार-बार नकार कर विकास को चुन रही है। लेकिन विपक्ष जनता के संदेश को समझने के लिए तैयार नहीं है। सैफई के शहजादे को शायद आभास है कि बाइसकिल 2022 में 22 से भी कम पर सिमट जायेगी, इसलिए थोड़ी बहुत बची हुई राजनीतिक जमीन सहजने के लिए मशक्कत कर रहे है।
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अन्त्योदय संकल्प से ही उत्तर प्रदेश में 40 लाख से अधिक लोगों को पक्का मकान मिला, गरीबों के घर शौचालय बने, उन्हें निःशुल्क बिजली का कनेक्शन मिला। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में अमेरिका जैसा विकसित देश भी बरबाद हो गया। लेकिन मोदी जी व योगी जी के सही समय पर लिये गये सही निर्णयों ने वैश्विक महामारी से देश व प्रदेश को बचाया। आज वैक्सीन से देश को सुरक्षित भी किया जा रहा है तथा दुनिया के विभिन्न देशों को वैक्सीन दी भी जा रही है। आपदा को अवसर में बदलकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ जन-जन के स्वावलम्बन से आर्थिक व सामरिक शक्ति सम्पन्न राष्ट्र की परिकल्पना को साकार रूप देने के लिए मोदी जी व योगी जी आगे बढ़ रहे है। उन्होंने कहा की भाजपा पवित्र संगठन है जिसका गौरवशाली इतिहास है।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के जनपदों में दिमागी बुखार से प्रतिवर्ष हजारों बच्चों की जान चली जाती थी। सरकार के प्रयास से दिमागी बुखार की कारगर रोकथाम हुई है और 95 फीसदी की कमी आयी है। उन्होंने कहा कि मोदी जी और योगी जी के ऊपर भ्रष्टाचार का कोई एक आरोप नहीं लगा सकता। प्रदेश में हुई किसी भी नियुक्ति में कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता। यह ईमानदार और पारदर्शी सरकार का परिणाम है।

उन्होंने जनता से आह्वान किया कि आप सभी प्रण करे कि बच्चों को अवश्य पढाऐगें। बच्चों से कभी कोई नशे की सामग्री न मंगवाए। कभी बेटियों को पैरो छुने मत देना। पत्नी के उपर कभी हाथ मत उठाना। माता-पिता के चरणों मे रोज बैठना। किसी गरीब पर कभी भी हाथ मत उठाना। उन्होंने कहा की कभी किसी को कुचलते हुए आगे मत बढो, जब गुस्सा आए तो धर्म की शरण मे चले जाइये, कल्याण हो जाएगा।

सिंह ने बूथ समिति सदस्यों के साथ बैठक में कहा कि भाजपा ही एक मात्र ऐसा दल है जिसके कार्यकर्ता अपनी योग्यता, निष्ठा से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनते है तथा मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री भी बनते है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बूथ कार्यकर्ता देवराज यादव के आवास पर भोजन किया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गाजीपुर प्रवास के दौरान पूर्व जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों से पंचायत चुनाव को लेकर मंत्रणा की। इस दौरान प्रदेश सह संगठन मंत्री भवानी सिंह एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चन्द्र श्रीवास्तव साथ रहे।

Facebook Comments