गरीब कल्याण रोजगार अभियान से आत्मनिर्भर बनेगा बिहार: संजय जायसवाल
Date posted: 20 June 2020
पटना: प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज खगड़िया से शुरू किए गये गरीब कल्याण रोजगार अभियान से बिहार को अत्यधिक फायदा होने की जानकारी हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा “ कोरोना संकट के कारण अन्य राज्यों में मेहनत मजदूरी करने वाले श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज शुरू किये गया गरीब कल्याण रोजगार अभियान बिहार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए वरदान साबित होने वाला है. इस अभियान से न केवल लोगों को रोजगार मिलेगा बल्कि इससे गांवों की आधारभूत संरचना का भी विकास होगा. वास्तव में यह अभियान बिहार की आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होने वाला है.”
अभियान के बारे में बताते हुए डॉ जायसवाल ने कहा “ 125 दिनों तक चलने वाली यह योजना देश के 116 जिलों में चलेगी, जिनमें बिहार के 32 जिले शामिल हैं. यह वह जिले हैं जहाँ लॉकडाउन के समय सबसे अधिक श्रमिक वापस आए हैं. 50 हजार करोड़ के लागत वाले इस अभियान के तहत इन प्रवासी मजदूरों के लिए 25 तरह के काम के विकल्प मुहैया कराए जाएँगे, जिन्हें 12 विभिन्न मंत्रालयों और विभागों जैसे ग्रामीण विकास पंचायती राज, सड़क परिवहन और हाइवे, खनन, पेयजल व सैनिटेशन आदि के जरिए संचालित किया जाएगा. इन कामों में सामुदायिक स्वच्छता परिसर का निर्माण, ग्राम पंचायत भवन, राष्ट्रीय राजमार्ग के काम, कुओं का निर्माण, आंगनवाड़ी केंद्र का काम, पीएम आवास योजना का काम, ग्रामीण सड़क और सीमा सड़क, पीएम कुसुम योजना, पीएम ऊर्जा गंगा प्रोजेक्ट, पशु शेड बनाने का काम, केंचुआ खाद यूनिट तैयार करना, पौधारोपण, जल संरक्षण और संचयन, भारतीय रेलवे के तहत आने वाले काम आदि शामिल हैं.”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा “ यह अभियान एक तरह से आपदा में अवसर के समान है. इससे न केवल लोगों को अपने गृहजिलों में रोजगार के अवसर मुहैया होंगे बल्कि इससे पलायन पर भी रोक लगेगी. इस अभियान का फायदा अधिक से अधिक लोगों तक जल्द से जल्द पहुँच सके, इसके लिए यह पूरा अभियान मिशन मोड में चलाया जाएगा. इस प्रयास का एक ही उद्देश्य है कि हमारे गांव और गरीब अपने दम पर खड़े हो सकें और हमारे किसी गरीब, मजदूर, किसान को किसी के सहारे की ज़रूरत ना पड़े. मोदी सरकार की कार्यशैली को देखते हुए इस अभियान के सुखद व सकारात्मक परिणाम आने निश्चित हैं.”
Facebook Comments