भाजपा ने 3 निगम पार्षदों को पार्टी से किया बाहर, भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं

नई दिल्ली:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने 3 निगम पार्षदों को भ्रष्टाचार और पार्टी कार्यकर्ताओं के अनदेखी के आरोप में पार्टी से 6 वर्षों के लिए निष्काषित कर दिया है। श्री गुप्ता ने कहा कि पार्षदों का निष्काषन खेद का विषय है लेकिन पार्टी शिकायतों को अनदेखी नहीं कर सकती और इस तरह की  कार्रवाई आगे भी जारी रख सकती है।

पार्टी ने आज मुखर्जी नगर की निगम पार्षद पूजा मदान, न्यू अशोक नगर की पार्षद रजनी बबलू पांडेय और सैदउलाजाब से निगम पार्षद संजय ठाकुर को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निकालने का आदेश दिया है ।
प्रदेश की ओर से इन पार्षदों के निष्काषन पत्र में श्री गुप्ता ने कहा कि आपको पूर्व में अनेक बार इस बारे में अवगत करवाया था कि कार्यकर्ताओं के साथ अपने व्यवहार में सुधार लाये, लेकिन इस चेतावनी के बाद भी आपके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ, अब सब सीमा पार कर इन पार्षदों की भ्रष्टाचार में लिप्त होने की बात सामने आने के बाद  निष्कासन की कार्रवाई की गयी है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली भाजपा जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार के कोई भी मामले बर्दाश्त नहीं किये जाएगे। सभी निगम पार्षदों को ईमानदारी के साथ जन सेवा करनी है। अगर इस में किसी भी तरह की कोताही हुई और कोई भी भ्रष्टाचार के मामले सामने आए तो इसपर आगे भी सख़्ती से कार्रवाई होगी।

Facebook Comments