भाजपा ने महात्मा गांधी जयंती पर यूपी के सभी मंडलो पर स्वच्छता अभियान चलाया

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने महात्मा गांधी की जयन्ती को स्वच्छता का संकल्प लेकर मनाया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को राजधानी लखनऊ, विराज खंड-5 में स्थित हनुमानवाटिका पार्क में स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ किया और इसके साथ ही प्रदेश के सभी मंडलों में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान के साथ स्वच्छता का संदेश दिया।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने राजधानी लखनऊ में जयन्ती पर पूज्य महात्मा गंाधी  एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री  की प्रतिमाओं पर पुष्पार्चन करके कृतज्ञ श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं ने मंडलों पर उपस्थित रहकर जनता के बीच स्वच्छता एवं पॉलीथीन मुक्त भारत की शपथ जैसे कार्यक्रम चलाकर भारत को स्वच्छ बनाने की मुहिम को गति प्रदान की। इसके साथ ही गांधी जयन्ती पर मंडल स्तर पर पार्टी द्वारा ‘वोकल फॉर लोकल‘ का अभियान चलाकर स्थानीय उत्पादों के अधिकतम प्रयोग के लिए जन जागरण किया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गांधी आश्रम पर पहुंचकर खादी वस्त्रों का क्रय करके डिजिटल भुगतान करते हुए लोकल फॉर वोकल के साथ ही डिजिटल इण्डिया का संदेश दिया।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान को गति देते हुए कहा कि महात्मा गांधी का विचार था कि जनता की सहभागिता से ही देश की समस्याओं का समाधान हो सकता है। गांधी सदैव जनभागीदारी से परिवर्तन के पक्षधर रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी के इस मंत्र को आत्मसात करते हुए जनभागीदारी से राष्ट्र नव निर्माण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की सोच थी कि देश को स्वच्छ किया जाए। क्योंकि स्वच्छ भारत गरीबी और रोग से मुक्ति का आधार बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी की जयन्ती 2 अक्टूबर 2014 से राष्ट्रीय आन्दोलन के रूप में स्वच्छ भारत मिशन का शुभारम्भ किया। जिसने जन आन्दोलन का रूप लेकर देशवासियों में स्वच्छता के सामूहिक दायित्व का भाव जागृत किया।

श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महात्मा गांधी के विचारों और सिद्धान्तों का अनुसरण करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं व अभियानों और जन आन्दोलनों से गांधी जी के स्वप्न के भारत निर्माण की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वच्छता अभियान चलाकर शौचालयों के निर्माण से नारी की गरिमा व सम्मान बढ़ाने का काम किया और गंदगी से होने वाली बीमारियों पर भी बहुत हद तक रोकथाम संभव हो सकी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी के स्वदेशी से स्वालंबी भारत के निर्माण का अनुसरण करते हुए वोकल फॉर लोकल के आह्वान से देशवासियों द्वारा स्थानीय उत्पादों के अधिकतम प्रयोग की पहल प्रारम्भ की। मोदी जी के वोकल फॉर लोकल के विचार को आगे बढ़ाते हुए योगी ने ओडीओपी के तहत स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज देशवासी स्वच्छ भारत अभियान के साथ महात्मा गांधी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे है।

Facebook Comments