भाजपा ने कभी भी अपने विचारों के साथ समझौता नहीं किया: अरुण सिंह

नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद अरुण सिंह ने पार्टी की स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी पार्टी का आधार और मजबूत स्तंभ पार्टी कार्यकर्ता होते हैं और आज फक्र के साथ मैं कह सकता हूं कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इसके कुशल नेतृत्व का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। अन्य पार्टियां तो परिवारवाद के आधार पर चलती है, लेकिन भाजपा देश की एकलौती ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो सिर्फ विकास के आधार पर चलती है और आगे भी चलती रहेगी क्योंकि भाजपा ने कभी भी अपने विचारों के साथ समझौता नहीं किया है।

अरुण सिंह ने कहा कि साल 2014 में जिस भरोसे के साथ भाजपा ने केंद्र में सरकार बनाई कि गरीबों का कल्याण करेंगे, अंत्योदय पर काम करेंगे, उस दिशा में आगे बढ़ने का काम किया है। लोगों का भरोसा ही है कि जो विकास कांग्रेस के लंबे कार्यकाल में नहीं हो सका, वह हमने पिछले सात सालों में ही कर दिखाया। साल 2014 के बाद 11 करोड़ शौचालय बने, 41 करोड़ बैंक खाता खोले गए, 9 करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन मिला और घर-घर पानी पहुंच सका। कोविड के समय में जब सब कुछ बंद हो गया तो उस समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के 20 करोड़ महिलाओं के खाते में 500-500 रुपये भेजे। यही नहीं 8 करोड़ किसानों के खाते में भी पैसे भेजे गए। उन्होंने कहा कि निर्णय लेने की कुशल क्षमता सिर्फ भाजपा में है जिसका परिणाम है कि आज धारा-370 या तीन तलाक खत्म हुआ और भगवान  राम मंदिर का निर्माण कार्य भी शुरु किया गया जो कि एक समय में सपने ही था।
अरुण सिंह ने कहा कि जनता का भरोसा ही है कि जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, हम चुनाव जितने में सफल रहे हैं। जिस पार्टी का प्रधान सेवक 70 साल की उम्र में 18-18 घंटे जनता के लिए काम करता हो, ऐसा नेतृत्व करने वाला व्यक्ति सदियों में एक बार आते हैं। किसी भी राजनीतिक पार्टी का विस्तार करने के लिए इससे बेहतर वातावरण नहीं होगा जैसा अभी भारतीय जनता पार्टी में है। इसलिए पार्टी को बूथ स्तर पर कार्य करने की जरुरत है साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं ताकि जनता को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा कार्य सिर्फ इसलिए कर रही है कि गरीब का उत्थान हो, लोगों की उन्नति हो, लोगों की समस्याओं से जुड़कर काम करना ही एकमात्र लक्ष्य है। लोगों तक पहुंचकर उनकी सेवा करने का सत्ता सिर्फ एक माध्यम है और आज लगातार हम उसी पथ पर अग्रसर है। पार्टी स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजन तिवारी एवं बरखा सिंह, कार्यालय प्रभारी गिरीश सचदेवा, प्रदेश प्रवक्ता मोहन लाल गिहारा सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नई दिल्ली जिला अध्यक्ष श्री प्रशांत शर्मा ने की।

Facebook Comments