नई आबकारी नीति के खिलाफ भाजपा का 300 से अधिक स्थानों पर विरोध प्रदर्शन

नई दिल्ली:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता की अगुवाई में दिल्ली भाजपा ने प्रदेश के लगभग 300 से अधिक विभिन्न स्थानों पर केजरीवाल सरकार की नई आबकारी नीति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास हुए विरोध प्रदर्शन में श्री गुप्ता ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया न जाने किन शराब माफियाओं के दवाब में आकर शराब की दुकानें खोलने को मजबूर हैं।

आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के रिहायशी इलाकों में शराब खोलना किसी भी तरह से सही नहीं है। अपनी जेब भरने के लिए केजरीवाल इतने लालची हो गए हैं कि आज उन्हें सही और गलत की पहचान तक नहीं है। यही अरविंद केजरीवाल हैं जो महिला सुरक्षा को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते थे और अभी भी दूसरे राज्यों में जाकर लोगों को झूठी तसल्ली दे रहे हैं लेकिन क्या दिल्ली के रिहायशी इलाकों में शराब के ठेके खोलने से महिला एवं बच्चे सुरक्षित महसूस करेंगे, इस पर केजरीवाल ने एक बार भी नहीं सोचा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए विरोध प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल एवं जिला अध्यक्ष राजेश गोयल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में शराब बांटने वाले केजरीवाल पंजाब में जाकर शराब बंदी की वकालत कर रहे हैं।अरविंद केजरीवाल की जनविरोधी नीतियों और घोटालों के खिलाफ चाहे वह डीटीसी बस घोटाला हो या फिर जलबोर्ड घोटाला हो, आवाज उठाने पर केस कर दिया जाता है और डराया धमकाया जाता है लेकिन केजरीवाल की इस तानाशाही से भाजपा डरने वाली नहीं है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जो यह कहते थे कि दिल्ली के अंदर कोई भी शराब की दुकान खोलेंगे तो वहां कि आरडब्ल्यूए और महिला संगठनों से अनुमति लेंगे या राय लेंगे लेकिन आज बिना राय या अनुमति लिए 850 दुकानें खोलने की तैयारी चल रही है और कई दुकानें खोल भी दी गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा नई आबकारी नीति के खिलाफ हमारे आंदोलन को जन समर्थन मिल रहा है। आज महिलाएं, आरडब्ल्यूए और व्यापारी वर्ग का साथ मिल रहा है। आज दिल्ली का एक भी व्यक्ति नहीं चाहता कि वह जहां अपने परिवार के साथ घरेलू बाजार करने जाते हों वहां शराब के ठेके हो। जहां-जहां भी शराब की दुकानें खोली गई हैं, वहां का माहौल खराब हुआ है और साथ ही बाजार पर भी इसका व्यापक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अंदर 70 प्रतिशत ऐसे इलाकों में शराब की दुकानें खोली जा रही हैं जहां निगम के नियमों और मास्टर प्लान का उलंघन किया गया है।

नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आज कोटला मुबारकपुर चौराहा पर हुए नई आबकारी नीति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में कहा कि आज नई शराब नीति के तहत खुलने वाली दुकानों से महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही है और युवाओं को नशे में धकेला जा रहा है। राजस्व के नाम पर खुद की जेब भरने का काम कर रहे हैं। इस मौके पर जिला अध्यक्ष प्रशांत शर्मा मौजूद थे।

दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर हुए विरोध प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष  सतीश उपाध्याय सफदरजंग मार्किट में, प्रदेश उपाध्यक्ष राजन तिवारी राजेन्द्र नगर मेट्रो स्टेशन पर, भाजपा विधायक अनिल बाजपेयी सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर, विधायक अजय महावर सोनिया विहार में, प्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश भाजपा अध्यक्ष योगिता सिंह एवं उपाध्यक्ष श्यामबाला छिल्लर सुदर्शन पार्क के पास हुए विरोध प्रदर्शन को सम्बोधित किया।

Facebook Comments