भाजपा ने रामलीला मंचन की अनुमति मिलने पर उपराज्यपाल का आभार जताया
Date posted: 12 October 2020
नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज प्रेस वार्ता के दौरान माननीय उप राज्यपाल अनिल बैजल द्वारा कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु सभी मापदंडों का पालन करते हुए, सीमित संख्या में दशहरे और रामलीला के कार्यक्रम की अनुमति मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए उनका धन्यवाद किया।
इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी एवं प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार उपस्थित थे। गौरतलब है कि आदेश गुप्ता और नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने उपराज्यपाल से मिलकर दशहरे के कार्यक्रम और रामलीला मंचन की अनुमति देने का अनुरोध किया था।
गुप्ता ने कहा कि वर्षों से चली आ रही दशहरे और रामलीला मंचन के कार्यक्रम से दिल्ली के लोग भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं। प्रमुख रामलीला समिति भी रामलीला मंचन की अनुमति के लिए अनुरोध कर रही थी। रामलीला मंचन की अनुमति मिलने पर उन्होंने सभी रामलीला समितियों को बधाई दी और यह अनुरोध किया कि रामलीला का आयोजन सभी नियमों का पालन करते हुए करें।
श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली भाजपा के प्रयासों से दशहरे और रामलीला मंचन के कार्यक्रमों के लिए डीडीए ने ग्राउंड बुकिंग का किराया भी कम किया है। लेकिन दिल्ली सरकार के असहयोग के कारण दशहरा और रामलीला मंचन की अनुमति मिलने में देरी हुई। समय कम होने के कारण रामलीला समितियां चंदा इकट्ठा नहीं कर सकती है, इसलिए दिल्ली सरकार अब रामलीला समितियों को दशहरे और रामलीला मंचन के कार्यक्रमों के लिए चंदा दें और बिजली मुफ्त उपलब्ध करवाएं ताकि यह कार्यक्रम सुचारु रुप से संपन्न हो सके।
Facebook Comments