भाजपा एक-एक कर धो रही है, कांग्रेस के पापों को: संजय जायसवाल
Date posted: 2 July 2020
पटना: भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कोई 9 दशकों बाद कोसी महासेतु पर रेल परिचलान को ऐतिहासिक घटना बताते हुए कहा कि मोदी सरकार उस हरेक पाप को धोने लगी है, जो कांग्रेस ने इस देश के साथ पिछले सात दशकों में किया था। जायसवाल ने कहा, ‘बिहार के लोगों खासकर मिथलांचल और कोसी क्षेत्र के लोग ही इसे समझ सकते हैं। मोदी सरकार के प्रयासों से उनका 90 साल पुराना सपना जल्द साकार होने जा रहा है। सुपौल जिले के सरायगढ़ स्थित कोसी पुल पर मंगलवार को 85 साल बाद पहली बार निरीक्षण ट्रेन दौड़ी। इससे कोसी पुल पर ट्रेन परिचालन जल्द शुरू होने की संभावना बन गई है। आप खुद सोचिए, वर्ष 1934 में आए भूकंप में कोसी नदी पर बना जो रेल पुल क्षतिग्रस्त होने से संपर्क टूट गया था, उसे आज पूरे 9 दशकों बाद भाजपा ने फिर से बहाल किया है।’
कांग्रेस-राजद युति पर बरसते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘हम लोगों को टूटा-फूटा और दयनीय बिहार मिला था। हमने उसे विकास और प्रगति की राह पर सरपट दौड़ाया है। कोसी नदी पर बना रेल पुल क्षतिग्रस्त होने से उत्तर और पूर्वी बिहार के बीच का रेल संपर्क टूट गया था। यह दर्द वहां के निवासियों के लिए नासूर बना हुआ था। हमारी सरकार के प्रयास से बाद के दिनों में दोनों इलाकों के बीच रेल संपर्क कायम तो हुआ, लेकिन कोसी नदी पर पुल निर्माण का कार्य अटका ही रहा।’
इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी को याद करते हुए उन्हें विकास पुरुष करार दिया, ‘आप देखिए, 2003 में भारतरत्न अटलबिहारी वाजपेयी ने इस पुल की नींव रखी थी। अब, 17 वर्षों के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उनके स्वप्न को पूरा किया है। यानी, गुरु ने जो काम शुरू किया, उसे खत्म चेले ने किया।’
जायसवाल ने कहा कि दरअसल, कांग्रेस और उसके सहयोगियों के पुराने पाप हैं, जिन्हें मिटाने का पुण्यकार्य भाजपा कर रही है।
Facebook Comments