नगर निगम का बकाया फंड जारी करने की मांग को लेकर आंदोलन उग्र करेगी भाजपा

नई दिल्ली:  दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि 25 दिसम्बर से केजरीवाल सरकार से नगर निगम के 13,000 करोड़ रूपये बकाया फंड की मांग के लिए भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे और इस आंदोलन से हम दिल्लीवासी को जोड़ेंगे। यह लड़ाई निगम कर्मचारियों के हक के साथ ही दिल्लीवासियों के हित की लड़ाई है।

आदेश गुप्ता ने कहा कि 4 डिग्री की ठंड और बारिश में खुले आसमान के नीचे 13 दिनों तक मुख्यमंत्री आवास के बाहर नगर निगम के महापौर और नेता धरने पर रहे, भूख हड़ताल पर जाने के कारण कई नेताओं की तबियत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, लेकिन संवेदनहीन मुख्यमंत्री केजरीवाल टस से मस नहीं हुए और न ही अपने आवास से बाहर निकल कर नेताओं का हालचाल जानने आए। दिल्लीवासियों का ध्यान भटकाने के लिए केजरीवाल सरकार के मंत्रियों ने हर हथकंडे अपनाए, लेकिन असफल रहे क्योंकि दिल्लीवासी को भी पता है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल निगम का फंड रोक कर अपने प्रचार के लिए करोड़ों रूपये खर्च कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव जनता के हितों की लड़ाई लड़ती आई है और दिल्ली की जनता के लिए केजरीवाल सरकार से निगम के बकाया फंड की मांग की लड़ाई जारी रखेगी। निगम चुनाव को देखते हुए केजरीवाल सरकार नगर निगम को पंगु बनाने की पूरी कोशिश कर रही है और ऐसा करके मुख्यमंत्री केजरीवाल सत्ता के अहंकार में उन दिल्लीवासियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखना चाहते हैं जिन्होंने उन्हें मुख्यमंत्री पद तक पहुंचाया। मुख्यमंत्री केजरीवाल यह भूल रहे हैं कि जनता सब देख रही है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार की तानाशाही भाजपा नहीं चलने देगी और अपने आंदोलन को और उग्र करेगी ताकि कुंभकर्णी नींद में सो रहे मुख्यमंत्री केजरीवाल जागें और निगम का बकाया फंड जारी करें, ताकि निगम के रुके हुए विकास कार्यों को गति मिले और दिल्लीवासियों को मिल रही मूलभूत सुविधाएं प्रभावित न हों।

Facebook Comments