भाजपा घर-घर दस्तक देकर केजरीवाल सरकार के झूठे कारनामों की देगी जानकारी

नई दिल्ली:  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल को झूठा व्यक्ति बताते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने पंजाब में पिछला चुनाव नशाबंदी के मुद्दे पर लड़ा था लेकिन इसके ठीक उलट दिल्ली में वे उन क्षेत्रों में भी शराब की दुकानें खोलने रहे हैं जहां आज़ादी के बाद आज तक शराब की दूकाने नहीं खोली गई थी।

दिल्ली सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान गुप्ता ने कहा कि आज संविधान दिवस के अवसर पर दिल्ली की सरकार संविधान की धज्जियां उड़ाने पर लगी है। उन्होंने कहा कि खानापूर्ती करने के लिए आज विधानसभा का एक दिन का सत्र बुलाया गया है, लेकिन उसमें दिल्ली की जनसमस्याओं पर चर्चा नहीं होनी दी। इन समस्याओं को उठाने वाले विपक्ष (भाजपा) को सदन से ही निकाल दिया जाता है। केजरीवाल सरकार के जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हज़ारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल का पुतला फूंका और नारेबाजी की।
गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल को मायावी राक्षस बताते हुए कहा कि ऐसे राक्षस से मुकाबला भी उसी के अनुरुप करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से वे 40 हज़ार रुपये की पराली दवा के प्रचार में 16 करोड़ रुपये खर्च कर देते हैं उसी प्रकार भाजपा को घर-घर जाकर केजरीवाल की विज्ञापन रुपी मायावी शक्ति की सच्चाई बतानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा जिल, मंडल एवं बूथ स्तर तक लेकर जाएगी। अपने इस आंदोलन के तहत भाजपा कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर लोगों को ‘आप’ सरकार के झूठे वायदों और कारनामों की जानकारी देंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जयवीर राणा, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, प्रदेश ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष वासु रुखड़, प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष कौशल मिश्रा, पूर्व महापौर जय प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Facebook Comments