विधान परिषद चुनावों में भाजपा विजय परचम फहराएगी: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विधान परिषद चुनावों में भाजपा विजय परचम फहराएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ देवतुल्य कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम भाजपा की विजय का आधार होगा।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह वाराणसी में वाराणसी स्नातक/शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन की संगठनात्मक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। वहीं प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने आगरा में विधान परिषद चुनाव को लेकर संगठनात्मक बैठक में चुनाव की ब्यूहरचना पर चर्चा की।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि स्नातक/शिक्षक एमएलसी चुनाव में सेक्टर स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा मतदाताओं से सतत सम्पर्क व संवाद बनाए रखना है। पार्टी का प्रत्येक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व कार्यकर्ता स्वयं को प्रत्याशी मानकर चुनाव में विजय का शंखनाद करे। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकाष्ठा पार करके मतदाता बनाने का काम किया है, अब सबसे महत्वपूर्ण कार्य मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने का है। भाजपा की विजय सबका साथ-सबका विकास सहित सबके विश्वास की विजय है, जो गांव, गरीब, किसान, शिक्षक व छात्र सहित सभी वर्गों की उन्नति, खुशहाली व सम्मान की आधारशिला है।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लागू की गई शिक्षा नीति में शिक्षक व छात्रों की उन्नति व सम्मान का भाव निहित है। उन्होंने कहा कि प्रभावी शिक्षा प्रणाली के क्रियान्वयन के साथ ही शिक्षक व छात्रों के हित में प्रदेश सरकार भी निरन्तर काम कर रही है। उन्होने कहा कि मतदाताओं से सम्पर्क व संवाद करते हुए संगठन की रीति-नीति व सरकार की योजनाओं पर चर्चा के साथ ही मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी भी आप सभी पर है। भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता के परिश्रम का प्रतिफल ऐतिहासिक विजय के रूप में सामने आएगा।

Facebook Comments